बदायूं में आसमान से बरस रही आग, तापमान ने तोड़ा रिकॉर्ड

Amrit Vichar Network
Published By Preeti Kohli
On

बदायूं, अमृत विचार: पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को शुक्रवार को भी राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है। हालांकि सुबह के समय कुछ देर के लिए आसमान में घिरे काले बादलों ने बारिश होने का सुकुन जरूर दिया,

लेकिन कुछ देर बाद आसमान साफ होने पर लोगों की यह उम्मीद भी खत्म हो गई। दोपहर में चली धूल भरी हवाओं के बीच चिलचिलाती धूप ने लोगों को परेशान कर दिया। सड़कों और बाजारों में सन्नाटे वाली स्थिति रही। शाम को सूरज ढलने के बाद चहल पहल दिखाई दी।

पिछले सप्ताह हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। इसके बाद से तापमान ऊपर उठता ही चला गया। फिर नीचे नहीं आया। अब तापमान 44 से 45 डिग्री तक पहुंचने की ओर आतुर दिखाई दे रहा है। सुबह सात बजे से सूरज की किरणें शरीर में नश्तर की तरह चुभने लगती हैं।

दोपहर में चिलचिलाती धूप की वजह से लोग घरों में कैद हो जा रहे हैं। हालात ऐसे बन गए हैं कि कूलर और एसी भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। तापमान में बढ़ोतरी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। गर्मी के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ रही हैं। 

सरकारी व निजी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और त्वचा संबंधी रोगियों की संख्या अधिक दिखाई दे रही है। गर्मी के कारण कृषि पर भी बुरा असर पड़ा है। फसलें खराब हो रही है। पशु बीमार हो रहे हैं। वहीं कुत्ते व बंदर पानी की तलाश में टंकियों व नलों के किनारे बने चबूतरे पर पानी पीते हुए दिख रहे हैं।

जरूरी कार्य से बाहर निकले लोगों को कुछ ही देर में छांव तलाशनी पड़ जा रही है। गला तर करने के लिए उन्हें ठंडे पेयजल का सहारा लेना पड़ रहा है। शुक्रवार को कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। चिलचिलाती धूप के बीच लोग पेड अन्य टिन शैड के नीचे छांव तलाशते हुए दिखाई दिए। 

बाजार और सड़कों पर सन्नाटे की स्थिति रही। शाम ढलने पर सड़कों और बाजारों में लोगों की आवाजाही देखने को मिली। चिकित्सक पड़ रही भीषण गर्मी से बचने के सतर्कता बरतने की सलाह दे रहे हैं। चिकित्सक राजेश वर्मा का कहना है कि गर्मी के कारण शरीर का तापमान बढ़ जाता है,

इसलिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना पीते रहें। दोपहर के समय खुले में निकलने से बचें, सिर को ढक कर निकलें। इससे हीट स्ट्रोक का खतरा कम हो जाता है। ढीले और हल्के कपड़े पहने। सनस्क्रीन का इस्तेमाल करने से त्वचा को धूप से बचाया जा सकता है। 

इधर कृषि विभाग के अधिकारी गर्मी से जल्द राहत नहीं मिलने की संभावना को व्यक्त कर रहे हैं। कृषि अधिकारियों का कहना है कि 30 मई के बाद मौसम में परिवर्तन दिखाई देगा। तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर जाएगा। बताया कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ें- बदायूं: जमीन नाम नहीं की तो दामाद ने चचेरे ससुर कों ईंट पीट-पीटकर मार डाला

संबंधित समाचार