कासगंज : फिर सताएगी गर्मी, आगामी दिनों में तापमान बढ़ने का अनुमान
कृषि एवं मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने जारी की एडवाइजरी

मोहनपुरा, अमृत विचार। विगत दिनों हल्की बूंदाबांदी एवं बादल छाए रहने से मौसम ने कुछ बदलाव होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। आगामी दिनों में फिर से तापमान के 5 से 6 डिग्री सेल्सियस बढ़ने के आसार हैं।
मोहनपुरा स्थित कृषि एवं मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा अगले पांच दिनों के लिए जारी एडवाइजरी के अनुसार गर्मी फिर से बढ़ेगी। लोगों को सलाह दी गई है कि तेज धूप में अनावश्यक बाहर न जाएं। आवश्यक होने पर धूप में सिर पर गमछा अथवा छाते का प्रयोग अवश्य करें। समय समय पर पानी पीते रहें जिससे शरीर में पानी की निरंतर पूर्ति बनी रहे। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें।
एक नजर में आंकड़े
दिनांक - दिन - अधिकतम तापमान - न्यूनतम तापमान
07.06.25 - शनिवार - 38 डिग्री सेल्सियस - 26 डिग्री सेल्सियस
08.06.25 - रविवार - 42 डिग्री सेल्सियस - 28 डिग्री सेल्सियस
09.06.25 - सोमवार - 43 डिग्री सेल्सियस - 29 डिग्री सेल्सियस
10.06.25 - मंगलवार - 43 डिग्री सेल्सियस - 29 डिग्री सेल्सियस
11.06.25 - बुधवार - 42 डिग्री सेल्सियस - 29 डिग्री सेल्सियस
किसानों के लिए जारी हुई एडवाइजरी
वर्तमान मौसम को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। किसानों को सलाह दी गई है कि सुबह 11 बजे से 4 बजे के मध्य खेतों पर कार्य न करें। इस समय में पशुओं को भी खुले में चरने हेतु न छोड़ें। एक हफ्ते के अंतराल पर हल्की सिंचाई एवं कीटनाशक के छिड़काव का कार्य केवल शाम के समय ही करें। हवा की दिशा के विपरीत खड़े होकर किसी कीटनाशक का छिड़काव न करें। कार्य समाप्ति उपरांत हाथों को साबुन अथवा हैंडवाश से भलीभांति धोएं। सुबह शाम खेती का कार्य करते समय पानी साथ में रखें और सिर पर गमछा बांधकर काम करें। अपने साथ नियमित अंतराल पर पीने के लिए पानी रखें।
आगामी दिनों में तापमान के बढ़ने की आशंका है। किसान खेतों में नमी बनाए रखें। सिंचाई केवल सांय के समय ही करें। पशुओं को छायादार स्थान पर बांधे, नियमित अंतराल पर पानी पिलाते रहें। पशु बाड़े के द्वार पर गीले जूट के बोरे को बांधे। गर्भित पशुओं को ढलान वाले स्थान कर न बांधे। - बृज विकास सिंह, वैज्ञानिक, कृषि/मौसम विज्ञान केंद्र, मोहनपुरा, कासगंज
ये भी पढ़ें - कासगंज : नशे में गंगा में स्नान करने गए युवक की मौत, गंगा में बरामद हुआ शव