10 जून तक थमेगी बारिश, फिर आएगा मानसून

हल्द्वानी, अमृत विचार: कई दिनों से हो रही बारिश का सिलसिला अब कुछ दिनों के लिए थम जाएगा। अगले कुछ दिनों तक तापमान में उछाल आएगा। बाद में मानसून की इंट्री होगी और बारिश का दौर शुरू हो जाएगा।
शुक्रवार को राज्य में कहीं भी बारिश नहीं हुई। हल्द्वानी में धूप निकली और मौसम अपेक्षाकृत गर्म था। अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री दर्ज किया गया है।
न्यूनतम तापमान में चार डिग्री की कमी दर्ज की गई। इधर मुक्तेश्वर में पारा 22.5 डिग्री रहा जो सामान्य से दो डिग्री कम है। यहां दिन के समय मौसम सुहावना है तो राम के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने अनुमान जताया है कि अब 10 जून तक राज्य में सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मैदानी इलाकों में तापमान में भी बढ़ोत्तरी होगी। पिछले कई दिनों से मैदानी इलाके के लोगों को गर्मी से काफी राहत थी। इसके बाद मानसून सक्रिय होने की संभावना है। 11 से 12 जून के दौरान राज्य के सभी जिलों में बारिश का दौर शुरू हो जाएगा।