कासगंज : पूर्णिमा पर्व पर हर हर गंगे के जयकारों से गूंजे गंगा के घाट

भोर की किरण के साथ ही हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में आस्था की डुबकी

कासगंज : पूर्णिमा पर्व पर हर हर गंगे के जयकारों से गूंजे गंगा के घाट

कासगंज, अमृत विचार। मंगलवार को जिले भर में ज्येष्ठ शुदी पूर्णिमा का पर्व मनाया गया। हर हर गंगे के जयकारों से गंगा घाट गूंजने लगे। भोर की पहली किरण के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने हवन पूजन कर बच्चों का मुंडन संस्कार कराया। श्रद्धालुओं के अतिरिक्त वाहनों के चलते जगह जगह जाम के हालात रहे। यातायात पुलिस कर्मियों को यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए पसीना बहाना पड़ा।

इस बार ज्येष्ठ शुदी पूर्णिमा का पर्व दो दिन मनाया जा रहा है‌। अधिकांश लोगों ने मंगलवार को पूर्णिमा पर्व पर आस्था की डुबकी लगाई। गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भोर की पहली किरण के साथ ही श्रद्धालुओ ने हर हर गंगे के जयकारों के साथ आस्था की डुबकी लगाई। घाट पर हवन पूजन किया। बच्चों का मुंडन संस्कार कराया। गंगा माता मंदिर पुजारी कालीचरण माफीदार ने बताया इस बार ज्येष्ठ शुदी पूर्णिमा पर्व पंचांग के हिसाब से बुधवार को मनाया जाएगा, लेकिन अधिकांश लोगों ने पर्व मंगलवार को भी मनाया है। दो दिन के पर्व को श्रद्धालुओं में असमंजस की स्थिति रही। उधर पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं के अतिरिक्त वाहनों की आवा जाही को लेकर मथुरा बरेली मार्ग पर जाम के हालात रहे। यातायात पुलिस कर्मियों को जाम खुलवाने के लिए पसीना बहाना पड़ा।

ये भी पढ़ें - कासगंज : अपराधियों को नहीं बख्शा जाएगा, अमृत विचार से वार्ता में बोले नवागत सीओ