पीलीभीत: मुर्गे के साथ प्रतिबंधित पशु के मांस का शक...शिकायत पर जांच को भेजा सैंपल 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरखेड़ा, अमृत विचार। मीट विक्रेता पर प्रतिबंधित पशु का मांस दुकान से बेचने का आरोप लगा है। एक ग्राहक ने खरीदे गए मुर्गे के मांस में कुछ पीस प्रतिबंधित पशु के होने का शक जताया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पशु चिकित्साधिकारी ने भी संबंधित मांस का सैंपल लिया है।

पुलिस को दी तहरीर में कस्बे के वार्ड नंबर चार के रहने वाले नरेंद्र सिंह पुत्र राजपाल सिंह ने बताया कि 15 जून की शाम कस्बे में ही एक दुकान से मुर्गे का मांस खरीदकर घर ले गए थे। आरोप है कि उसे जब रात में चेक किया तो उसमें मुर्गे के साथ ही प्रतिबंधित पशु का मांस भी मिला होने का शक हुआ। उन्होंने अवैध तरीके से प्रतिबंधित पशु का मांस बिक्री करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। बताते हैं कि इसके बाद मामला तूल पकड़ गया। 

विश्व हिंदू महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष संतोष भारती ने एसओ बरखेड़ा को सूचना दी। कार्यकर्ता भी थाने पहुंच गए और कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पशु चिकित्साधिकारी डॉ.हरपाल सिंह को बुलाया गया। उन्होंने संबंधित मांस का सैंपल लिया है। जिसे अब जांच के लिए भेजा जाएगा। उधर, इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार बिश्नोई ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।

संबंधित समाचार