पीलीभीत: सपा कार्यालय पर नगरपालिका ने लिया कब्जा...हंगामे पर सपाई हिरासत में लिए गए

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

पीलीभीत, अमृत विचार। नकटादाना चौराहा पर नगर पालिका ईओ आवास में संचालित समाजवादी कार्यालय को खाली कराने की कई दिनों से चल रही कवायद में नया मोड़ आया।  बुधवार को भारी पुलिस बल के साथ अधिकारी पहुंचे और कार्यालय पर रंगाई पुताई करा दी।

उड़ वक्त तक सपा नेता आए ही नहीं थे। बाद में कुछ नेता जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा की अगुवाई में पहुंचे और नारेबाजी की। हालांकि पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। भवन पर कब्जा लेने की सूचना भी नगर पालिका की ओर से लिखवा दी गई है। पुलिस लाइन भेजे गए सपा नेताओं की सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी से नोकझोक हुई। सपा नेता इस करवाई को असंवैधानिक बता रहे हैं।
 
मामला बुधवार सुबह का है। एक दिन पूर्व ही नगर पालिका ईओ संजीव कुमार की ओर से नगर पालिका के भवन को कब्जे में लेने की सूचना देते हुए नोटिस चस्पा कर दिया था। सपा नेताओं ने इस नोटिस का जवाब दे दिया था। बुधवार सुबह से ही फोर्स पहुंच गया। भवन पर ताला पड़ा हुआ था। सपा नेता भी नहीं आए थे। नगर पालिका के कर्मचारियों ने भवन पर लिखे सपा से जुड़े नाम पर रंगाई पुताई कर दी।  भवन पर ईओ आवास लिखवा दिया। हालांकि ताले नहीं तोड़े गए है। उसमें सपा का सामान रखा है। जिसके लिए आगे नोटिस दिया जायेगा। सपा नेताओं के पहुंचने बाद नोकझोक हुई। सपाई सड़क पर धरने पर बैठ गए। फिर उन्हें हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। वहां भी अफसरों से नोकझोक हुई। 

पालिका का जलकल प्रभारी भी निकला अवैध कब्जेदार
नगर पालिका के ईओ आवास से सटा एक और भवन है। इस पर भी नोटिस चस्पा करने के साथ ही कब्जा ले लिया गया। खास बात रही कि इस भवन के अवैध कब्जेदार तारिक हसन खां थे, जोकि नगर पालिका के ही जलकल प्रभारी हैं। हालांकि उनका कहना था कि वह इसे सरेंडर कर चुके थे। न ही अब तक उन्हें पालिका स्तर से कोई नोटिस दिया गया था।

संबंधित समाचार