बदायूं : लूट की योजना बनाते चार बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

चेतावनी देने के बाद भी बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग

बदायूं, अमृत विचार। थाना वजीरगंज पुलिस ने लूट की योजना बनाते चार बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से चार तमंचे, 4 जिंदा कारतूस, 5 खोखा कारतूस, दो बिना नंबर की बाइकें बरामद हुईं। चारों बदमाश हरियाणा के रहने वाले हैं। सूचना पर पहुंची तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की थी। जिससे एक सिपाही घायल हो गया। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल सिपाही और दो बदमाशों का प्राथमिक इलाज कराया गया। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जेल भेजा गया है।

वजीरगंज पुलिस बुधवार तड़के क्षेत्र में गश्त कर रही थी। मुखबिर ने सूचना दी कि कुछ संदिग्ध लोग गांव करेंगी से बगरैन की ओर आ रहे हैं। वह किसी लूट को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिसकर्मी करेंगी-महमूदपुर तिराहे के पास छिप गए और बदमाशों के आने का इंतजार करने लगे। इसी दौरान दो बाइकों पर चार लोग आते नजर आए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। खुद को घिरता देखकर बाइक सवारों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के चेतावनी देने के बाद भी वह फायर करते रहे। सिपाही हिमांक को गोली लगी। जिसके चलते पुलिस ने भी बदमाशों पर फायरिंग की।

आरोपी हरियाणा के जिला सोनीपत के थाना बड़ौदा क्षेत्र के गांव मदीना निवासी प्रवीन पुत्र देवानंद और उसी गांव के अंकित पुत्र संतराम के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों बदमाश जमीन पर गिर गए। पुलिस ने उन दोनों के अलावा उनके साथी सोनीपत के थाना मुहाना क्षेत्र के गांव सिटावली निवासी प्रीतम उर्फ कर्मवीर पुत्र राम सिंह, मदीना निवासी सागर पुत्र श्रीचंद को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह चारों लोग पिछले कई दिनों से वजीरगंज और जिला बरेली क्षेत्र में रुक-रुककर लूट करने के लिए रेकी कर रहे थे। लूटने के लिए स्थान चिंह्नित कर रहे थे। जिससे एक ही रात में कई स्थानों पर लूट की जा सके। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक सुजीत कुमार व रजत यादव, हेड कांस्टेबिल राजकुमार अत्री, कांस्टेबिल नीरज, जुबैर मलिक, हिमांक, संजीव व संदेश रहे।

ये भी पढ़ें - बदायूं : फसल देखने खेत पर गए किसान की करंट लगने से मौत

संबंधित समाचार