शाहजहांपुर : जिला जेल के एचआईवी पॉजिटिव बंदी की अस्पताल में मौत
पुवायां पुलिस ने दो जून को किया दाखिल, जांच में एचआईवी पॉजिटिव

शाहजहांपुर, अमृत विचार: जिला कारागार में बंद विचाराधीन बंदी की शुक्रवार रात तबीयत खराब हो गयी। जेल प्रशासन ने उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। मृतक बंदी एचआईवी पॉजिटिव था। सूचना मिलने पर परिवार वाले मेडिकल कालेज पहुंच गए। परिवार वालों ने जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिवार वालों ने कहा कि तीन दिन पूर्व उसकी तबीयत ठीक थी।
पुवायां थाना क्षेत्र के एक गांव के 40 साल व्यक्ति को पुवायां पुलिस ने दो जून को जेल में दाखिल कराया था। जेल के अंदर जाने के आने के बाद जेल प्रशासन ने उसका डॉक्टरी परीक्षण कराया। डॉक्टरी परीक्षण में एचआईवी पॉजिटिव पाया गया था। वह नशे का भी आदी था। उसको जेल में अलग रखा गया था। कुछ दिन बाद बंदी की तबीयत खराब रहने लगी। बंदी का जेल के अस्पताल में कई दिन तक इलाज चलता रहा। शुक्रवार की रात साढ़े नौ बजे बंदी की अचानक तबीयत अधिक खराब हो गयी। जेल प्रशासन ने जेल अस्पताल से राजकीय मेडिकल के लिए रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान सुबह उसकी मौत हो गयी। जेल प्रशासन ने गांव के प्रधान को बंदी के मरने की सूचना दी। परिजन राजकीय मेडिकल कालेज पहुंचे और शव को देखकर रोना पीटना मच गया।
परिजनों का आरोप कि तीन दिन पहले उसकी मां अपने बेटे से जेल में मुलाकात करके आई थी, उस समय उसकी तबीयत ठीक थी। परिजनों का आरोप है कि पुवायां पुलिस ने उसको मारा पीटा था। उसके शरीर में चोट के निशान थे। पुलिस ने परिवार वालों से मिलने नहीं दिया था। परिजनों ने बताया कि डीएम को प्रार्थना देकर निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग करेंगे। पुलिस ने बंदी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
जेल में दो जून को व्यक्ति दाखिल हुआ था, जो बीमार था। उसका चेकअप कराया गया था, जो एचआईवी पॉजिटिव पाया गया था। कई दिन तक जेल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। शुक्रवार की रात अधिक तबीयत खराब होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था, जहां बंदी की मौत हो गयी। परिवार वालों को भी सूचना कर दी गयी थी। -मिजाजी लाल, जेल अधीक्षक।
ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: पहले मासूम बेटे को फिर खुद खाया जहर, महिला की मौत...बेटे की हालत नाजुक