राजा भैया फिर बने जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पंचायत चुनाव लड़ने का किया एलान, अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना
लखनऊ, अमृत विचार। पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को फिर से जनसत्ता दल लोकतांत्रिक का सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद उन्होंने पंचायत चुनाव लगने की घोषणा की। एक माह में राष्ट्रीय व प्रदेश कार्यकारिणी के गठन समेत जिला से बूथ स्तर तक संगठन को खड़ा करने का भी आह्वान किया।
पार्टी की वार्षिक बैठक सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुई। इसमें रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को सर्वसम्मति से पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। राजा भैया 1993 से लेकर लगातार अब तक प्रतापगढ़ के कुंडा से निर्दलीय विधायक निर्वाचित हो रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद उन्होंने एक माह में राष्ट्रीय व प्रदेश कार्यकारिणी के गठन की घोषणा की है। उन्होंने इसके साथ ही पंचायत चुनाव भी लड़ने की घोषणा भी की है। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश में अपने दम पर पंचायत चुनाव लड़ेगी। पंचायत चुनाव के लिए फिलहाल किसी भी दल के साथ गठबंधन की कोई बातचीत नहीं की जा रही है।
राजा भैया ने कहा कि प्रख्यात कथा वाचक धीरेंद्र शास्त्री राष्ट्रवाद की भावना फैला रहे हैं। इसके बाद भी लोग उन पर टिप्पणी कर रहे हैं। धीरेंद्र शास्त्री ने कभी भी अखिलेश यादव पर टिप्पणी नहीं की हैं। अखिलेश का उनके बारे में बयान देना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि जातिवाद नहीं, राष्ट्रवाद ही देश के उत्थान का मूल मंत्र है।
