बाराबंकी : कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान, 14 ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

60 फीसदी एससी-बीसी और 20 फीसदी महिलाओं को मिली जगह

बाराबंकी, अमृत विचार : कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान 2025 के तहत जिला और शहर कमेटी के पदाधिकारियों का पद ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद डॉ. पी.एल. पुनिया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सांसद तनुज पुनिया, बाराबंकी प्रभारी दिनेश सिंह और प्रभारी ममता चौधरी की उपस्थिति में 14 ब्लॉक अध्यक्षों को मनोनयन पत्र सौंपे गए।

जिलाध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन ने बताया कि राहुल गांधी की सामाजिक न्याय की अवधारणा के तहत संगठन में 60 प्रतिशत से अधिक अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग को स्थान दिया गया है। साथ ही 20 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। डॉ. पुनिया ने कहा कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिला स्तर से लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में समायोजित किया जाएगा। जिला कमेटी में एक प्रवक्ता, एक कोषाध्यक्ष, 13 उपाध्यक्ष, 17 महासचिव, 40 सचिव और एक सोशल मीडिया प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।

शहर कांग्रेस कमेटी में 34 सदस्यों की नियुक्ति की गई है। प्रभारी ममता चौधरी ने आश्वासन दिया कि बाराबंकी के हर कार्यकर्ता की आवाज उच्च स्तर तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सांसद तनुज पुनिया समर्पित कार्यकर्ताओं की कार्यशैली से प्रदेश और केंद्र को अवगत कराते रहते हैं। ममता चौधरी ने अमेठी और रायबरेली के बाद बाराबंकी का प्रभार मिलने पर केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।

राजकुमार सिंह बने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हैदरगढ़ के अध्यक्ष

हैदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को नया नेतृत्व मिला है। मालिनपुर गांव के राजकुमार सिंह को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हैदरगढ़ का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन ने मनोनयन पत्र जारी किया। उन्होंने राजकुमार सिंह की पार्टी के प्रति निष्ठा और लगन की सराहना की। नए ब्लॉक अध्यक्ष से अपेक्षा की गई है कि वे कांग्रेस की नीतियों और सिद्धांतों का प्रचार-प्रसार करेंगे। साथ ही पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ मिलकर संगठन को मजबूत करेंगे।

यह भी पढ़ें:- बाराबंकी में लाखों का सामुदायिक शौचालय बना शोपीस : पानी की सप्लाई बंद, साफ-सफाई नहीं, हमेशा लगा रहता है ताला

संबंधित समाचार