Bareilly: पांच ताजियादारों के खिलाफ FIR...23 फीट ऊंचे ताजिया में लगी थी आग

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। फरीदपुर थाना क्षेत्र में मानक से अधिक ऊंचा ताजिया बनाने के मामले में मंगलवार को पुलिस ने पांच ताजियेदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। इस मामले में लापरवाही के आरोप में दरोगा अशोक कुमार को निलंबित किया जा चुका है। आरोप है कि सत्यापन में दरोगा अशोक कुमार ने 12 फीट का ताजिया होना बताया था, जबकि बिजली के तार में टकराने वाले ताजिया की ऊंचाई करीब 23 फीट थी।

फरीदपुर थाना पुलिस ने मंगलवार को गौसगंज के रहने वाले पांच लोगो नत्थूशाह, हसरत अली गुड्डू, यासीन खां समेत एक अन्य ताजियादार पर रिपोर्ट दर्ज की। इन ताजियादारों ने 12 फीट ऊंचा ताजिया बनाने पर मोहर्रम से पहले की मीटिंग में सहमति जताई थी। लेकिन बाद में पुलिस को गुमराह कर 23 फीट ऊंचा ताजिया बना लिया।। लोग गांव से अपना ताजिया कर्बला को लेकर रविवार को निकले थे। ताजिया 23 फीट ऊंचा था। जिसे बिजली के तारों के नीचे से निकालने में मुश्किल हो रही थी। लिहाजा नहर से निकालने का मन बनाया गया। ताजियेदार ताजिया को नहर से निकाल कर ऊपर ले आए। उसके बाद लोग ढोल बजाने में व्यस्त हो गए। इस दौरान कुछ लोगों ने ताजिये को उठाने का प्रयास किया कि तभी ताजिया बिजली के तारों में छू गया और आग लग गई। 

आग बुझाने का प्रयास करते हुए लोग ताजिये के ऊपर चढ़ गए, लेकिन आग बढ़ने लगी। तभी ताजिया को जमीन पर गिरा कर आग बुझाई गई। जले हुए हिस्से को ले जाकर कर्बला में दफन कर दिया गया। आग बुझाने के दौरान छोटे खान, गुड्डू, वारिश खान और आबिद झुलस गए थे। अब मंगलवार को पूरे मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। 


संबंधित समाचार