बुजुर्ग की मौत के बाद अंतिम संस्कार से इंकार, बुलाई गई 12 थाने की फोर्स

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

दलित किशोरी से छेड़छाड़ के विरोध पर मारपीट में घायल हुआ था बुजुर्ग

कोहड़ौर,प्रतापगढ़ अमृत विचार। कोहड़ौर थाना क्षेत्र के पूरे कुमार ( सुंदरियां का पुरवा) गांव में मारपीट में घायल एक वृद्ध की मौत से गुरुवार को लोग आक्रोशित हो गए। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव में पहुंचा तो परिजनों ने शव रख प्रदर्शन किया। साथ ही शव के अंतिम संस्कार से मना कर दिया। उपद्रव की आशंका पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। एसडीएम के आश्वासन पर परिजन शांत हुए और अंतिम संस्कार के लिए शव को लेकर प्रयागराज ले गए। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। 

पूरे कुमार गांव में रविवार को छेड़छाड़ के आरोपियों ने दलित परिवार पर हमला कर छह लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया था। इसमें पूरे कुमार गांव निवासी वृद्ध बाबूलाल सरोज गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए प्रयागराज के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी इलाज के दौरान घटना के चौथे दिन बुधवार को अस्पताल में मौत हो गई। बाबूलाल का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव स्थित घर लाया गया। आक्रोशित परिजनों के साथ ही  ग्रामीणों ने शव को घर पर रखकर अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस - प्रशासन सक्रिय हो गया। कोहड़ौर थाने की पुलिस के साथ सीओ सिटी शिवनारायण वैश पहुंचे। उसके बाद कंधई, अंतू,फतनपुर, रानीगंज सहित 12 थानों की फोर्स, पीएसी पहुंची। 

पुलिस ने मृतक बाबूलाल के परिजनों को शव के अंतिम संस्कार करने के लिए मनाने का प्रयास किया लेकिन निराशा मिली। कोहड़ौर थाने के पूर्व एसओ राधे श्याम त्यागी दलित बस्ती में जाकर लोगों को शव का अंतिम संस्कार करने के लिए मनाने का प्रयास किया। बावजूद इसके लोग अंतिम संस्कार करने के लिए सहमत नहीं हुए। इस दौरान समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक नागेंद्र सिंह यादव मुन्ना,सदर विधायक राजेन्द्र मौर्य के प्रतिनिधि अरुण मौर्य, जिला पंचायत सदस्य इंद्रदेव तिवारी, पवन सरोज भी पीड़ित परिवार के घर संवेदना जताने पहुंच गए। भनक लगते ही एसडीएम पट्टी तनवीर अहमद भी मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार से बात की।

परिजनों मांगों से संबंधित सात सूत्रीय मांगपत्र एसडीएम को दिया। सहायता व कार्रवाई का आश्वासन मिला। इनामिया प्रिंस मिश्र छोटू,रंजीत कुमार, विनोद  मिश्र, नितेश कुमार को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया। एसओ धनंजय राय ने बताया कि पॉक्सो व हत्या की धारा बढ़ाई गई है। अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए गांव में खाकी का पहरा रहा।

यह भी पढ़ें : कैसा ये इश्क है! देवरानी और जेठानी को हुआ प्रेम, नकदी-जेवरात लेकर हुईं फरार, पति थाने के काट रहे चक्कर

संबंधित समाचार