लखीमपुर खीरी: दिन दहाड़े वारदात...मंदिर जा रही महिला के कुंडल छीनकर भागा उचक्का
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शहर में चोरी, लूट और छिनैती की घटनाओं पर पुलिस अंकुश नहीं लगा पा रही है। सुबह मंदिर पूजा-अर्चना करने जाने लिए घर के बाहर निकली मोहल्ला भटनागर कॉलोनी निवासी एक महिला के कान पर उचक्के ने झपट्टा मार दिया और कुंडल नोचकर भाग गया। घटना में महिला के कान फट गया और वह घायल हो गई। पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला भटनागर कॉलोनी निवासी अनीता अग्रवाल ने बताया कि सुबह करीब 06:30 बजे वह मंदिर जाने के लिए अपने घर से बाहर निकली थीं। इसी बीच एक अज्ञात युवक पीछे से आया। वह कुछ समझ पाती। इससे पहले ही उसने कान पर झपट्टा मार दिया और कुंडल नोचकर भाग निकला। घटना से मोहल्ले में दहशत व्याप्त हो गई। महिला के शोर मचाने पर परिवार और आसपास के तमाम लोग मौके पर आ गए।
लोगों ने उचक्के का पीछा कर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित महिला से घटना की जानकारी ली। पुलिस मोहल्ले में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है। सदर कोतवाल हेमंत राय ने बताया कि महिला की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
