बदायूं: गंगा का जलस्तर बढ़ा तो गांव होने लगे जलमग्न...नरौरा बैराज से फिर छोड़ा बेहिसाब पानी
बदायूं, अमृत विचार। नरौरा बैराज से गंगा में छोड़ा जा रहा पानी किसानों की धड़कनें बढ़ रहा है। मंगलवार को फिर गंगा में बेहिसाब पानी छोड़ा गया है। इस कारण उसहैत क्षेत्र में किसान परेशान है। गंगा की धार एक बार फिर फैलने लगी है जिससे आस पास के खेत खलिहान तक पानी पहुंच गया है।
पिछले कई दिनों से गंगा में पानी छोड़ा जा रहा है। तीन दिन से 40 हजार क्यूसेक पानी गंगा में डिस्चार्ज किया जा रहा था जिससे गंगा में सामान्य पानी था। इससे पहले करीब 80 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था जिससे तटवर्ती इलाकों में गंगा ने नुकसान किया था। पानी कम होने पर स्थानीय लोगों ने काम शुरू कर दिया था। किसानों को उम्मीद थी कि अब बारिश कम हो रही है इसलिए ऊपर से भी पानी कम आ रहा है। बाढ़ का खतरा भी नहीं है। पिछले दिनों छोड़ा गया पानी अभी भी कुछ निचले इलाकों में भरा हुआ है।
मंगलवार को नरौरा बैराज से 62 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जो अब अगले कुछ घंटों में गंगा नदी में पहुंचने वाला है। सुबह छोड़ा गया पानी किसानों को परेशानी पैदा करने वाला है। रैपुरा गांव में पिछले दिनों आया पानी अभी भी गंगा के आसपास खेतों में भरा है। किसान पानी को देख कर परेशान हैं। देर शाम तक पानी उसहैत क्षेत्र में पहुंचेगा जिसके बाद गंगा में उफान आना निश्चित है। गंगा में उफान आने की आशंका के चलते किसानों की धड़कनें बढ़ गई हैं। रैपुरा निवासी राजाराम ने बताया कि पिछले दिनों बढ़ा हुआ जलस्तर अभी भी निचले इलाकों में दिख रहा है। उसहैत क्षेत्र में जटा, असमिया रफतपुर कमलू नगला, सहित करीब आधा दर्जन गांव कटान के डर से परेशान हैं।
कछला गंगा का जल स्तर अभी सामान्य
सहसवान की महावा नदी में तेज बहाव को देख कर स्थानीय लोगों बाढ़ की आशंका व्यक्त की है। संभावना जताई है कि यदि अब ऊपर से पानी बढ़ता है तो बाढ़ आ सकती है। वहीं कछला गंगा का जल स्तर अभी सामान्य स्थिति में है। गंगा का पानी अभी तक खतरे के निशान तक नहीं पहुंचा है। इसलिए अब आगे अधिक पानी बढ़ने की संभावना नहीं है।
सहायक अभियंता, बाढ़ खंड नेशपाल ने बताया कि मंगलवार को नरौरा से 62 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है। यह पानी कुछ घंटों में जनपद में पहुंच जाएगा। फिलहाल उसहैत क्षेत्र के तटवर्ती इलाकों में पानी भरने की आशंका है। कुछ क्षेत्रों में अभी भी पानी भरा है। गंगा में कुछ समय को उफान आने की संभावना है। किसानों को इसकी जानकारी दे दी गई है।
