बाराबंकी: फंदे से लटकता मिला युवक का शव, हत्या की आशंका, इकलौते पुत्र की मौत से सदमे में परिजन
देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। तीन दिन पूर्व घर में लखनऊ जाने की बात कहकर निकले युवक का शव संदिग्ध हालात में गांव से कुछ दूर फांसी के फंदे से लटका मिला। शव कई दिन पुराना लग रहा, जिससे हत्या कर शव लटकाने की संभावना बढ़ गई है। मृतक का अपने चाचा से जमीन विवाद भी काफी गहरा गया था। परिजन घर के इकलौते पुत्र के साथ हुए हादसे के बाद सदमे में हैं। पुलिस को पीएम रिपोर्ट का इंतजार है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुरादपुर में शुक्रवार शाम एक 22 वर्षीय युवक का शव गांव से करीब 500 मीटर दूर स्थित एक बाग में पेड़ से बने फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान विवेक यादव पुत्र कुन्ना यादव के रूप में की। बताते हैं कि विवेक 29 जुलाई को लखनऊ जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन विवेक लखनऊ पहुंचा और न ही वापस लौटा। शुक्रवार शाम शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई।

परिजनों का कहना है कि विवेक के हाथ और सीने पर चोट के निशान हैं और शव तीन दिन पुराना लग रहा, जिससे वह घटना को संदिग्ध मानकर हत्या की आशंका जता रहे हैं। सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि मृतक विवेक लखनऊ की एक मिठाई की दुकान में कारीगर था। वह नागपंचमी त्योहार को लेकर छुट्टी पर घर आया था। पर्व के दिन विवेक लखनऊ ड्यूटी पर जाने की बात कहकर निकला, लेकिन उसके बाद से उसका मोबाइल बंद हो गया।
परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। विवेक चार बहनों में इकलौता भाई था, बड़ी बहन की शादी हो चुकी है जबकि तीन बहनें अविवाहित हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने शुक्रवार शाम तक पुलिस को तहरीर नहीं दी थी। कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
