रामपुर: रुपयों के विवाद में मलेरिया विभाग के कर्मचारी को बीच रास्ते पर पीटा
रामपुर,अमृत विचार। रुपयों के विवाद के चलते मलेरिया अधिकारी कार्यालय में तैना कर्मचारी की पिटाई का मामला सामने आया। दबंगों ने बीच रास्ते पर कर्मचारी को इतना पीटा कि उसको अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
दरअसल गंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला बजरिया मुल्ला जरीफ निवासी जीशान जमील का कहना है कि वह जिला मलेरिया अधिकारी कार्यालय में आईएफडब्लू के पद पर तैनात हैं। दो वर्ष पूर्व उन्होने एक व्यक्ति से जमीन खरीदने का सौदा किया था। बयाने के तौर पर पांच लाख रुपये दिए थे। उसके बाद रजिस्ट्री कराना तय हो गया था। लेकिन उसने रजिस्ट्री नहीं कराई।
आरोप है कि वह शनिवार को ड्यूटी से लंच के लिए घर जा रहे थे। तभी आरोपी ने रास्ते में रोककर गाली गलौज करते हुए उन पर हमला कर के घायल कर दिया। उनको अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली थाने में तहरीर दी है। उन्होंने कार्रवाई की मांग की है।
चोर समझकर युवक को पीटा, पुलिस को सौंपा
चौकी क्षेत्र के गांव मोतीपुरा खोद के ग्रामीणों ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक युवक को पकड़ कर पिटाई कर दी। उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उसे मानसिक रूप से कमजोर बता रही है। चौकी क्षेत्र के गांव में चोरों का काफी आतंक चल रहा है। शाम ढलते ही गांवों में चोरों के घुसने की आवाजें आने लगती हैं। शनिवार को मोतीपुरा गांव में एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूम रहा था।
ग्रामीणों ने शक होने के आधार पर उसे घेर लिया और चोर बताकर पीटना शुरू कर दिया। जिससे काफी देर तक हंगामा होता रहा। ग्रामीणों ने उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस का कहना है कि ग्रामीणों की पिटाई का शिकार युवक मानसिक रूप से कमजोर है जो ग्रामीणों को सही जानकारी नहीं दे रहा था। जिसकी वजह से ग्रामीणों की पिटाई का शिकार हुआ है।
