लखनऊ : बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंची सरकार, 47,906 को दी राहत
टीम 11 में शामिल सभी मंत्री बाढ़ प्रभावित जिलों में डटे
लखनऊ, अमृत विचार। लगातार बारिश ने अब राज्य के 17 जिलों के 402 गांवों को बाढ़ की चपेट में ले लिया है। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री की ओर से गठित टीम-11 के सभी मंत्री अपने-अपने जिलों में रविवार को पहुंच गए हैं। वे बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर राहत व बचाव की कमान संभाले हुए हैं। जिले में ही सभी का रात्रि विश्राम भी होगा। सरकार की ओर से अबतक 47,906 बाढ़ पीड़ितों को राहत राशि दी गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। योगी के निर्देश पर मंत्री बाढ़ प्रभावित जिलों का ग्राउंड जीरो पर निरीक्षण कर रहे हैं। वर्तमान में प्रदेश के 17 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। इनमें कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, आगरा, औरैया, चित्रकूट, बलिया, बांदा, गाज़ीपुर, मीरजापुर, प्रयागराज, वाराणसी, चंदौली, जालौन, कानपुर देहात, हमीरपुर, इटावा और फतेहपुर शामिल हैं। इन सभी जिलों में राहत कार्य तेजी से चल रहे हैं। वहीं एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी के जवानों द्वारा पेट्रोलिंग की जा रही है।
राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के 17 जिलों की 37 तहसीलें और 402 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इन इलाकों में बाढ़ से 84,392 लोग प्रभावित हैं, जिनमें से 47,906 लोग ऐसे हैं जिन्हें राहत सहायता प्रदान की गई है। वहीं बाढ़ की वजह से 2,759 मवेशियों को सुरक्षा स्थान पर शिफ्ट किया गया है। बाढ़ की चपेट में आने से अब तक 343 लोगों के मकानों को क्षति पहुंची है, जिनमें से 327 लोगों को सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। वहीं प्रदेश में 4,015 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल बाढ़ की चपेट में आया है। इन प्रभावित क्षेत्रों में 493 नावों और मोटरबोट्स की सहायता से राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। इन इलाकों में अब तक 6,536 खाद्यान्न पैकेट और 76,632 लंच पैकेट वितरित किए जा चुके हैं। वर्तमान में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 29 लंगर के जरिये पीड़ितों को भोजन की सुविधा दी जा रही है। 905 बाढ़ शरणालय में 11 हजार से अधिक लोगों को घर जैसी सुविधा दी जा रही है।
ग्राउंड जीरो पर उतरे मंत्री
मुख्यमंत्री के निर्देश पर मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ को प्रयागराज समेत मीरजापुर व बांदा, स्वतंत्र देव सिंह और संजय गंगवार को जालौन, स्वतंत्र देव सिंह और प्रतिभा शुक्ला को औरैया, रामकेश निषाद को हमीरपुर, जयवीर सिंह को आगरा, सुरेश खन्ना को वाराणसी, संजय निषाद को कानपुर देहात, धर्मवीर प्रजापति को इटावा, अजीत पाल को फतेहपुर और दयाशंकर ''दयालु'' को बलिया में बाढ़ प्रभावित इलाकों में जाने और रात में रूकने को कहा गया है। ये मंत्री अपने-अपने इलाकों में निरीक्षण कर रहे हैं।
यह भी पढ़ेंः 'ChatGPT' बना रहा छात्रों को मानसिक ग्रसित..., मनोचिकित्सकों ने जताई चिंता
