Lucknow News: प्रसव के बाद महिला की मौत, दो निजी अस्पताल के डॉक्टरों पर परिजन ने लगाया लापरवाही का आरोप
लखनऊ, अमृत विचार : गुडंबा थाना क्षेत्र के आदिल नगर के निजी अस्पताल में शिशु को जन्म देने के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। महिला को रात में ही दूसरे निजी अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसकी सांसें थम गईं। महिला के पति व परिवारीजनों ने आदिल नगर के निजी अस्पताल पहुंचकर डॉक्टर और स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मौके पर पहुंची गुडंबा और विकास नगर पुलिस ने उन्हें शांत कराया। गुडंबा पुलिस ने पति की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम कराया है।
विकास नगर सेक्टर आठ के गजरहा पुरवा निवासी आनंद कुमार गौतम की पत्नी सुषमा देवी (28) गर्भवती थी। पति आनंद के मुताबिक, प्रसव पीड़ा होने पर शनिवार को आदिल नगर, आदर्श नगर के जनता मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया था, जहां पर सिजेरियन से महिला ने स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। बाद में परिवारीजनों ने देखा तो महिला के टांके से खून का रिसाव हो रहा था। पति का आरोप है कि डॉक्टर और स्टाफ को बताया तो उन्होंने जवाब दिया कि गंदा खून बह रहा है। ऐसी समस्या सभी को होती है। घबराने की जरूरत नहीं है। रात 2 बजे डॉ. नीतीश कुमार ने विकासनगर के वेदांता अस्पताल शिफ्ट करा दिया, जहां पहुंचने के 15 मिनट बाद महिला की मौत हो गई। नाराज पति व अन्य परिवारीजनों ने आदिल नगर जनता मेडिकल सेंटर पहुंचकर हंगामा किया। इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि प्रकरण की जांच के लिए सीएमओ को पत्र भेजा जाएगा। सीएमओ की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि मामले में शिकायत मिलने पर जांच करवाई जाएगी। वेदांता अस्पताल के संचालक सूरज सिंह का कहना है कि नाजुक स्थिति में मरीज लाया गया। सिर्फ सीपीआर दिया गया था।
जनता मेडिकल सेंटर के संचालक भानु प्रताप ने शनिवार शाम को गर्भवती का सिजेरियन महिला डॉक्टर ने किया था। महिला ने स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। महिला के खून रिसाव हो रहा था। महिला डॉक्टर ने रात में ही आकर सफाई की। अचानक रात में महिला का बीपी बढ़ गया था। एनजाइटी होने लगी। मैंने पीड़ित पक्ष से दूसरे किसी अस्पताल ले जाने को बोला था, लेकिन वह बोले इतनी रात में कहां ले जाएंगे। इसलिए वेदांता अस्पताल भेजा था। लापरवाही का आरोप बेबुनियाद है।
यह भी पढ़ेंः UP News: पुलिस का बड़ा एक्शन, माफिया मुख्तार अंसारी के बेटे उमर अंसारी गिरफ्तार, जानें पूरा मामला
