बरेली : उर्स-ए-रजवी की तैयारी में जुटा नगर निगम, सड़क और नाली ठीक कराई जाएंगी
बरेली, अमृत विचार : उर्स-ए-रजवी नजदीक आते ही नगर निगम ने तैयारियों को लेकर कमर कस ली है। लाखों जायरीन के आगमन को देखते हुए नगर निगम की ओर से सफाई, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, अस्थायी शौचालय और कूड़ा प्रबंधन जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
उर्स-ए-रजवी 18, 19 व 20 को मनाया जाएगा। इसके मद्देनजर नगर निगम के निर्माण विभाग ने तैयारी तेज कर दी हैं। दरगाह क्षेत्र और आस-पास की गलियों में भीड़ उमड़ती है। ऐसे में सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। गलियों में नियमित रूप से फॉगिंग और सैनिटाइजेशन कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, बारिश की संभावना को देखते हुए जलभराव वाले इलाकों की विशेष निगरानी की जा रही है। नालों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि कहीं भी पानी जमा न हो। स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत व नई लाइटें लगाने का कार्य भी तेज गति से चल रहा है, ताकि जायरीन को रात में आवागमन में परेशानी न हो। निगम की ओर से जगह-जगह अस्थाई शौचालय और डस्टबिन लगाए जा रहे हैं। कूड़ा उठान की निगरानी के लिए भी अलग टीम बनाई गई है, जो दिन में कई बार सफाई व्यवस्था की जांच करेगी। नगर निगम के चीफ इंजीनियर मनीष अवस्थी ने बताया कि उर्स से पहले सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएंगी, ताकि जायरीन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसको लेकर सड़क, नाली को ठीक किया जा रहा है।
