संभल: सीओ नहीं...अब एएसपी अनुज चौधरी कहिये
संभल, अमृत विचार। संभल में 24 नवंबर की हिंसा के बाद चर्चा में आए सीओ अनुज कुमार चौधरी अब अपर पुलिस अधीक्षक बन गए हैं। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने शनिवार को रक्षाबंधन के दिन अनुज कुमार चौधरी की वर्दी पर अशोक स्तंभ लगा दिया।
सीओ अनुज कुमार चौधरी 24 नवंबर 2024 को संभल में जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा के बाद चर्चा में आए थे । अनुज कुमार चौधरी ने उपद्रवियों से जमकर लोहा लिया था। इस दौरान उनके पैर में गोली भी लगी थी। हालांकि अनुज पर बेहद सख्त कार्रवाई करने का भी आरोप लगा था। इसके बाद होली से पहले अनुज चौधरी ने बयान दिया था कि साल में 52 बार जुम्मा आता है जबकि होली सिर्फ एक बार आती है।
जिसे रंग से परहेज हो वह होली के दिन घर से न निकले। इस बयान ने उन्हें देश भर में चर्चा में ला दिया था। विरोधियों ने घेरने का प्रयास किया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनुज कुमार चौधरी का खुला बचाव करते हुए कहा था कि-पहलवान है उसके बोलने का लहजा ऐसा ही है। अब उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें पदोन्नति देकर अपर पुलिस अधीक्षक बना दिया है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई व अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने अनुज कुमार चौधरी के कंधे पर अशोक स्तंभ लगाकर शुभकामनाएं दीं।
अर्जुन अवार्ड से सम्मानित हैं अनुज चौधरी
मुजफ्फरनगर जिले के बहेड़ी गांव के रहने वाले अनुज कुमार चौधरी रेसलिंग में देश के लिए गोल्ड जीतकर लाये थे। 2001 में उन्हें लक्ष्मण अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था जबकि 2005 में अर्जुन अवॉर्ड दिया गया।
