हल्द्वानी: टिहरी से हल्द्वानी लाई जा रही 450 पेटी शराब गायब
अमृत विचार, हल्द्वानी। टिहरी से हल्द्वानी आ रही आबकारी विभाग की 450 पेटी शराब गायब हो गई। आबकारी की शिकायत के बाद भी द्वाराहाट पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस केस में डीजीपी ने द्वाराहाट कोतवाल की हीलाहवाली पर निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही एसटीएफ के डीआईजी और अल्मोड़ा एसएसपी …
अमृत विचार, हल्द्वानी। टिहरी से हल्द्वानी आ रही आबकारी विभाग की 450 पेटी शराब गायब हो गई। आबकारी की शिकायत के बाद भी द्वाराहाट पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस केस में डीजीपी ने द्वाराहाट कोतवाल की हीलाहवाली पर निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही एसटीएफ के डीआईजी और अल्मोड़ा एसएसपी को घटना की जांच सौंप दी है।
संयुक्त आबकारी सचिव बीएस चौहान ने डीजीपी से इस प्रकरण की शिकायत की। आबकारी अधिकारी के अनुसार एक ट्रक 450 विदेशी शराब की पेटी लेकर टिहरी से हल्द्वानी के लिए निकला था। लेकिन हल्द्वानी नहीं पहुंचा। खोजबीन के दौरान पांच दिसंबर को ट्रक द्वाराहाट के कुमाऊं इंजीनियरिंग कालेज के पास मिला। ट्रक से शराब की सभी पेटियां गायब थीं। जबकि चालक का भी पता नहीं चला।
अगले दिन स्थानीय आबकारी अधिकारी और ट्रांसपोर्टर केस दर्ज करने की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचे। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टा हीलाहवाली करती रही। इसके बाद संयुक्त आबकारी सचिव ने डीजीपी अशोक कुमार से शिकायत की। इस प्रकरण का संज्ञान लेते हुए डीजीपी ने अल्मोड़ा एसएसपी को कोतवाल को सस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अल्मोड़ा एसएसपी और एसटीएफ को घटना के खुलासे के निर्देश दिए हैं।
