Amroha : तिगरी गंगा का जलस्तर घटने से लोगों ने ली राहत की सांस
गजरौला, अमृत विचार। तिगरी स्थित गंगा के जलस्तर में चौथे रविवार को गंगा के जलस्तर 10 सेमी कम हुआ है। बिजनौर बैराज से एक लाख 23 हजार क्यूसेक से अधिक पानी डिस्चार्ज किया गया है। वहीं गंगा किनारे के गांवों में पानी सैलाब का पानी अब तक भरा है, जिससे लोगों को समस्या हो रही है।
बाढ़ खंड विभाग की रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को गंगा का गेज 200.60 मीटर पर था जो, रविवार को 200.50 मीटर पर पहुंच गया है। चकनवाला से शिशोवाली जाने वाले मार्ग पर बाढ़ का पानी बह रहा है। कांकाठेर गांव में तिगरी से हाईवे को जोड़ने वाले बाईपास मार्ग भी जलमग्न है। वहीं गंगा किनारे पर बसे गांव मंदिर वाली भुड्डी, शीशो वाली, दारानगर, अलीनगर, चकनवाला ऐतवाली, सुल्तानपुर, ओसिता जगदेपुर, कांकाठेर, तिगरी, रसूलपुर भंवर, रसूलपुर एहतमाली, देवीपुर उर्फ मोहसनपुर, पपसरी खादर, मुकरामपुर, शाहजहांपुर छात, रमपुर खादर, चांदरा फॉर्म, रानी बसतौरा, बिसाबली, कुई वाली, देव वाली, पट्टी खादर, आदि में बाढ़ का पानी भरा हुआ है।
बाढ़ खंड विभाग के जेई सुभाष कुमार ने बताया कि जलस्तर लगातार कम हो रहा है। पानी भी उतरने लगा है। हालांकि पिछले तीन दिन से जलस्तर स्थिर चल रहा था। वहीं बाढ़ की दुश्वारियां में घिरे गांव में रहने वाले ग्रामीणों की मदद के लिए अब पड़ोसी गांव के लोगों ने मदद का हाथ बढ़ाया है। गांव मुरादपुर के रहने वाले दीपक भड़ाना, जितेंद्र भडाना, मानसी पंवार सहित कई लोगों ने बाढ़ प्रभावित लोगों को खाने के पैकेट वितरित किए।
