Moradabad : भाजपा एमएलसी के बेटे व उसके दोस्तों पर बार में तोड़फोड़ का आरोप
मुरादाबाद., अमृत विचार। भाजपा एमएलसी के बेटे के जन्मदिन पर दोस्तों संग स्पाइस लाउंच बार एंड रेस्टोरेंट में शराब पार्टी के बाद बिल देने को लेकर हंगामा करने का आरोप है। गाली गलौज के बाद कहासुनी हुई तो बार कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। फूड इंस्पेक्टर को फोन करके बार और रेस्टोरेंट बंद कराने की धमकी देने के बाद आरोपी भाग गए। मामले की शिकायत पुलिस से की हुई लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
बीते रविवार को भाजपा के एमएलसी के बेटे का जन्मदिन बताया जा रहा था। आरोप है कि इस दिन वह एमएलसी के पीए सुमित कुमार के साथ लगभग 15 दोस्तों संग कांशीराम गेट के सामने स्थित स्पाइस लाउंच बार एंड रेस्टोरेंट रविवार की रात लगभग 10 बजे पार्टी करने के लिए पहुंच गए। जाते ही बीयर के साथ चिकन मंगाया गया। इसी बीच हुक्का की मांग की गई तो वेटर ने हुक्का होने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर वह नाराज हो गए और गाली गलौज की। पार्टी पूरी हुई और उसके बाद वेटर लगभग 11 बजे जब 11 हजार रुपये का बिल लेकर पहुंचा, तब फिर हंगामा किया गया।
वेटर और बार मैनेजर मिथुन ने उन्हें शांत करने का प्रयास किया तो मारपीट करने का आरोप है। इसके बाद एमएलसी के पीए ने फूड इंस्पेक्टर को फोन मिलाया और बार व रेस्टोरेंट की चेकिंग करके बंद करने की बात कही। साथ ही बिल ज्यादा लेने की शिकायत की। इसके बाद अधिकारी का फोन बार मैनेजर के पास पहुंच गया। बार मैनेजर ने एमएलसी के बेटे से बिल नहीं देने की बात कही तो तुरंत रुपये दिए और कहा कि सुबह बार और रेस्टोरेंट बंद कराने की धमकी देकर चले गए।
जानकारी पर बार संचालक रोहित सूरी पहुंच गए। मैनेजर की तरफ से मझोला थाना में पहुंचकर शिकायती पत्र दिया गया। मामला भाजपा एमएलसी के बेटे से जुड़ा होने के चलते उसे रफा-दफा कर दिया गया और रिपोर्ट नहीं लिखी गई। लेकिन शिकायती पत्र सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। सोमवार को सोशल मीडिया पर बार में तोड़फोड़ और मारपीट का वीडियो भी वायरल हुआ।
एमएलसी गोपाल अंजान ने बताया कि बेटे का आपरेशन हुआ है। उसे स्टंट पड़ा है। जन्मदिन पर वह दोस्तों संग रेस्टोरेंट गया था। पार्टी का 11 हजार रुपये बिल आया जिसे बेटे ने अदा किया। बावजूद आरोप-प्रत्यारोप की बात सामने आई तो बार संचालक से बात की। उन्होंने कोई भी शिकायत नहीं की है। कोई ऐसी बात नहीं बताई। अनावश्यक मामले को तूल दिया जा रहा है।
