लखीमपुर खीरी : धौरहरा की चार ग्राम पंचायतें बनीं जीरो पॉवर्टी मॉडल, सौ परिवार हुए संतृप्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

धौरहरा, अमृत विचार। जिले में पहली बार गरीबी उन्मूलन की दिशा में बड़ी उपलब्धि दर्ज की गई है। धौरहरा विकासखंड की चार ग्राम पंचायतों के 100 निर्धनतम परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से संतृप्त करते हुए उन्हें गरीबी रेखा से बाहर निकालने का प्रमाण पत्र सौंपा गया।

मंगलवार को ग्राम पंचायत हसनापुर के पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार और परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण सोमनाथ चौरसिया ने लाभार्थियों को जीरो पॉवर्टी प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस मौके पर ग्रामीणों को सम्मानित भी किया गया। इन चार ग्राम पंचायतों हसनापुर, जुगनूपुर, चकलखीपुर और रामलोक के 100 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, राशन वितरण, किसान सम्मान निधि, वृद्धावस्था व निराश्रित पेंशन, आयुष्मान भारत कार्ड, शौचालय, विद्युत कनेक्शन, जल जीवन मिशन, मनरेगा जॉब कार्ड, स्वरोजगार व कौशल विकास मिशन जैसी सभी प्रमुख योजनाओं से लाभान्वित कर दिया गया।

खंड विकास अधिकारी धौरहरा संदीप कुमार तिवारी ने बताया कि अब तक चार ग्राम पंचायतों के 100 परिवार लाभान्वित हुए हैं। शेष 45 ग्राम पंचायतों को एक सप्ताह में संतृप्त कर दिया जाएगा। सीडीओ अभिषेक कुमार ने ग्राम पंचायत अधिकारी निधि देवी, नवल किशोर, धीरज और प्रियंक पुरी को प्रशस्ति पत्र देकर उनके योगदान की सराहना की। जिले में गरीबी उन्मूलन का यह मॉडल अन्य ब्लॉकों के लिए भी प्रेरणा बनेगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि जल्द ही पूरे विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतें जीरो पॉवर्टी की श्रेणी में शामिल हों।

संबंधित समाचार