पीलीभीत: ऑस्ट्रेलिया से आया युवक रात में उड़ा रहा था ड्रोन, चौकीदार ने रोका तो धमकाया, अब हुई FIR 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

माधोटांडा, अमृत विचार। कई दिन ऑस्ट्रेलिया में रहने के बाद गांव वापस आए युवक ने बिना अनुमति गांव में ड्रोन उड़ाया। रात में ड्रोन उड़ता देख ग्रामीण घबरा गए। इस पर जब चौकीदार ने समझाने का प्रयास किया तो आरोप है कि युवक ने उसे धमका दिया। माधोटांडा पुलिस ने मामले में चौकीदार की तरफ से नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।

माधोटांडा थाने में दी गई तहरीर में ग्राम धुरिया पलिया के निवासी अनिल विश्वास पुत्र विपिन ने बताया कि वह गांव के चौकीदार हैं। 18 अगस्त की को उन्हें ग्रामीणों से सूचना मिली कि  मझारा गांव का निवासी तरसेम सिंह पुत्र वसन सिंह बीते दिनों ऑस्ट्रेलिया गया था, जोकि तीन दिन पहले ही मझारा गांव वापस आया है। वह रात के वक्त गांव के आसपास ड्रोन उड़ा रहा है। जिससे ग्रामीण भयभीत हैं। 

जानकारी मिलने पर वह आरोपी के पास गए और बिना अनुमति इस तरह से ड्रोन उड़ाने से मना किया। आरोपी ने गलती स्वीकारने के बजाय धमका दिया। शिकायत करने पर मारने की धमकी दी गई। चौकीदार ने पुलिस से लिखित शिकायत की। जिसके बाद कार्रवाई हुई है। इंस्पेक्टर अशोक पाल ने बताया कि चौकीदार की ओर से रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच कराई जा रही है।

संबंधित समाचार