बाराबंकी: श्री बर्फानीश्वर महादेव सेवा समिति को उपराज्यपाल ने किया सम्मानित
बाराबंकी, अमृत विचार। श्री बर्फानीश्वर महादेव सेवा समिति को अमरनाथ यात्रा मार्ग पर उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। नगर पालिका प्रांगण में आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के प्रधान अध्यक्ष कैलाश नाथ शर्मा ने बताया कि समिति ने लगातार 12वीं बार अमरनाथ यात्रा मार्ग पर भंडारे का आयोजन किया।
विपरीत परिस्थितियों के बावजूद समिति की व्यवस्था इतनी उत्तम रही कि अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने अन्य भंडारों पर रोक लगाते हुए भी इसे जारी रखने की अनुमति दी। समिति को पूर्व में भी 2013 व 2014 में भारतीय सेना और 2016 में तत्कालीन राज्यपाल एनएन वोहरा द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। इस बार कटरा में आयोजित कार्यक्रम में उपराज्यपाल ने समिति की सेवा भावना की सराहना करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
भंडारे का आयोजन बाराबंकी से भेजे गए रसद से किया गया और अब सभी सेवादार सकुशल लौट चुके हैं। बुधवार को नगर पालिका प्रांगण में रुद्राभिषेक और प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। समिति अमरनाथ यात्रा के इच्छुक पत्रकारों के लिए पंजीकरण और यात्रा की पूरी व्यवस्था करेगी। प्रेस वार्ता में समिति के पदाधिकारी मूलकृष्ण तिवारी, राजेश अरोड़ा बब्बू, कौशल किशोर त्रिपाठी, सुनील राठौर, बबलू अरोड़ा और अमित कश्यप सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
