लखीमपुर खीरी: चरित्र पर शक करता था पति, पत्नी ने सोते समय चाकू से कर दिया हमला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शहर के मोहल्ला निर्मलनगर में घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया। आरोप है कि एक महिला ने आधी रात सो रहे अपने पति पर धारदार हथियार से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। लहूलुहान अवस्था में पति को परिजन जिला अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस को अभी तहरीर नहीं दी गई है।
  
मोहल्ला निर्मल नगर निवासी राजू गुप्ता (45) ने बचाया कि वह देर रात अपने कमरे में सो रहा था। तभी लगभग ढाई बजे पत्नी कुंती गुप्ता ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से राजू के सिर और गले पर गहरे घाव हो गए। राजू के पिता कन्हैया लाल गुप्ता के अनुसार मंगलवार तड़के करीब चार बजे भतीजे सुमित गुप्ता और कुलदीप पुत्र सालिकराम घर लौटे तो कमरे से चीखने की आवाजें सुनाई दीं। 

जब अंदर पहुंचे तो राजू खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। घायल को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति गंभीर लेकिन नियंत्रण में बताई। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि राजू गुप्ता पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन कलेश और झगड़ा होता था। शहर कोतवाल ने बताया कि पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार