UP: भाभी से विवाद के बाद युवती ने गंगा में लगाई छलांग, गोताखोरों ने बचाई जान
बबराला, अमृत विचार। गुन्नौर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 19 वर्षीय युवती ने गुरुवार सुबह नरोरा गंगा घाट पर छलांग लगा दी। घाट पर मौजूद गोताखोरों ने उसे बचा लिया।
युवती की अपनी भाभी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इससे क्षुब्ध होकर वह बुलंदशहर जनपद के नरोरा गंगा घाट पहुंची और उफनती गंगा में छलांग लगा दी। घाट पर स्नान कर रहे श्रद्धालुओं ने युवती को डूबते देखा तो शोर मचाया। शोर सुनते ही घाट पर मौजूद स्थानीय गोताखोर गंगा में कूद पड़े और कुछ ही देर में युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
नरोरा थाने की पुलिस भी पहुंच गयी और युवती को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर परिजन उसे घर ले आए। गांव के लोगों के अनुसार युवती पिछले कुछ माह से अवसाद में रहने लगी थी। करीब छह माह पहले उसकी मां और एक भाई की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। तभी से वह गुमसुम रहती थी और अक्सर अकेलेपन का अनुभव करती थी। नरोरा थाना प्रभारी रामनारायण सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली थी। गनीमत रही कि समय रहते गोताखोरों ने युवती की जान बचा ली। परिजनों को समझाया गया है और युवती को काउंसलिंग की सलाह दी गई है।
