उत्तराखंड: साइबर क्राइम रोकने के लिए पुलिस गंभीर- डीजीपी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल/हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड के नवनियुक्त पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा है कि साइबर क्राइम रोकने के लिए राज्य में विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में राज्य का पहला साइबर थाना जल्द ही अस्तित्व में आ जाएगा। डीजीपी के मुताबिक पुलिस की छवि में सुधार भी उनकी प्राथमिकताओं में है। अपराधियों …

नैनीताल/हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड के नवनियुक्त पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा है कि साइबर क्राइम रोकने के लिए राज्य में विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में राज्य का पहला साइबर थाना जल्द ही अस्तित्व में आ जाएगा। डीजीपी के मुताबिक पुलिस की छवि में सुधार भी उनकी प्राथमिकताओं में है। अपराधियों को संरक्षण देने वाले पुलिसकर्मी दंडित होंगे तो अच्छे काम पर पुलिस कर्मियों का सम्मान भी किया जाएगा।

अपने कुमाऊं दौरे के तहत डीजीपी सुबह पौने 11 बजे हल्द्वानी कोतवाली पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद डीजीपी ने कोतवाली हॉल में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में नागरिकों की समस्याएं सुनीं और अधीनस्थों को मौके पर ही निस्तारण के निर्देश दिए।

बाद में आयोजित पत्रकार वार्ता में डीजीपी ने कहा कि अच्छी पुलिसिंग के लिए जन सहभागिता पर उनका जोर रहेगा। जनता को आश्वस्त किया कि अपराधियों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को संरक्षण देने वाले पुलिस कर्मी दंडित होंगे। थाने-चौकी और पुलिस भवनों में आने वाली फरियादियों की समस्या को पूरी गंभीरता और संवेदशीलता के साथ सुना जाएगा।

इसके बाद नैनीताल पहुंचने पर डीजीपी ने नैनीताल पुलिस लाइन में आयोजित सम्मेलन में पुलिस कर्मिंयो की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने ट्रांसफर और वेतन विसंगति के मामले उठाए। इस पर डीजीपी ने कुमाऊं आईजी स्तर पर इन मामलों के निस्तारण का भरोसा दिया। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस कर्मिंयों को अपनी अपेक्षाओं के बारे में बताया। इस मौके पर कुमाऊं आईजी अजय रौतेला, नैनीताल एसएसपी सुनील कुमार मीणा, एएसपी अमित श्रीवास्तव, डीएसपी भूपेंद्र सिंह धौनी आदि थे।

कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश से शिष्टाचार भेंट
राज्य के नवनियुक्त पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने बुधवार को उत्तराखंड उच्च न्यायालय के कार्यवाह चीफ जस्टिस न्यायमूर्ति रवि मलिमथ से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सूबे में पुलिसिंग को लेकर अपनी कार्य योजनाएं बताई। अपने तय कार्यक्रम के तहत पुलिस महानिदेशक उच्च न्यायालय पहुंचे। डीजीपी ने बाद में नैनीताल में अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

संबंधित समाचार