रेलवे वर्कशॉप हादसा : जल्दी काम करने का दबाव ! जान की परवाह भी नहीं करते साहब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सोमवार को मुख्य कारखाना प्रबंधक से मिलेंगी रेलवे यूनियने, एडब्लूएम पर कार्रवाई की मांग

बरेली, अमृत विचार। शनिवार सुबह इज्जतनगर यांत्रिक कारखाना में मरम्मत के दौरान एसएलआर कोच में आग लगने से महिला कर्मचारी झुलस गई थी तो दूसरी तरफ अस्पताल ले जाने से पहले रेलवे यूनियनों के बीच राजनीतिक तनातनी से कर्मचारी खफा हैं। महिला कर्मचारी को अस्पताल ले जाने के बजाए नारेबाजी का अंदरखाने विरोध किया जा रहा है। वहीं रेलवे यूनियने हादसे की वजह जल्द से जल्द काम निपटाने का दबाव बनाने को बता रही हैं। 

एनई मेंस कांग्रेस के नेता रजनीश तिवारी ने बताया कि हादसे को लेकर मुख्य कारखाना प्रबंधक से मुलाकात की जाएगी। पूरे मामले में किसी भी प्रकार की राजनीति नहीं करना चाहते। एडब्लूएम योगेंद्र शर्मा पर कार्रवाई की मांग हमने की है। पूर्वोत्तर रेलवे कार्मिक यूनियन के मंडल मंत्री आरडी शर्मा ने बताया कि सोमवार को मुख्य कारखाना प्रबंधक अशोक कुमार से मुलाकात करेंगे। उनके सामने मांग रखी जाएगी कि जो जिस विभाग का काम है उसी विभाग में कराया जाए।

ताकि सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों के साथ खिलवाड़ नहीं किया जा सके। उन्होंने बताया पिछले महीने भी एक कर्मचारी चोटिल हुआ था। जबकि 15 साल पहले बिल्कुल इसी तरह के हादसे में एक महिला कर्मचारी की मौत तक हो गई थी। उन्होंने कहा कि अधिकारी अक्सर जल्दी काम करने का दबाव बनाते हैं, जिसकी वजह से इस तरह के हादसे होते हैं। लिहाजा कर्मचारियों को काम करने के लिए समय दिया जाना चाहिए। अपनी से सभी मांगे सोमवार को मुख्य कारखाना प्रबंधक के सामने रखेंगे। 

दोषी को मिल सकती है मेजर चार्जशीट
जिस तरह का गंभीर मामला शनिवार को यांत्रिक कारखाना में पेश आया, उसमें दोषी को मेजर चार्जशीट मिल सकती है। हालांकि मुख्य कारखाना प्रबंधक ने अधिकारियों की एक संयुक्त जांच कमेटी का गठन कर दिया है। जिसकी रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। 

हादसे से पहले क्यों नहीं जागे राजनीति करने वाले
पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ के केंद्रीय उपाध्यक्ष जे एस भदौरिया ने कहा कि सुरक्षा मानकों से खिलवाड़ करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। हादसे के बाद जो लोग राजनीति कर रहे हैं क्या उनको पहले नहीं दिखा कि मानकों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। 2010 में संगीता नाम की महिला की इसी तरह के हादसे में मौत हुई थी हमले काम बंद करके विरोध किया था। उसके बाद से ही तय था कि पीवीसी के काम के दौरान वेल्डिंग और कटिंग का काम नहीं होगा।

हादसे में बुरी तरह झुलसी थी महिला कर्मचारी
शनिवार सुबह रेलवे वर्कशॉप इज्जतनगर की कैरिज रिपेयर शाप में लाईन नंबर तीन पर  एसएलआर कोच की रिपेयरिंग की जा रही थी। पेंट शॉप में तैनात 50 साल की महिला कर्मचारी निर्मला देवी पीवीसी का काम कर रहीं थीं। ज्वलनशील केमिकल से कोच के फर्श पर शीट चिपका रहीं थीं। जबकि पेटिंग का काम भी साथ में किया ज रहा था। दूसरी तरफ कोच के नीचे कुछ कर्मचारी वेल्डिंग का काम कर रहे थे। नीचे से चिंगारी किसी तरह ऊपर तक पहुंची और केबिन में आग लगने से देवी के कपडों ने आग पकड़ ली। जिससे उनके कमर के नीचे का हिस्सा जल गया। महिला कर्मचारी का इलाज भोजीपुरा स्थित मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

संबंधित समाचार