बाराबंकी: श्यामलाल ने सफाई कर्मचारियों से किया संवाद, कहा- दूर होंगी सफाईकर्मियों की समस्याएं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। नगर पंचायत कार्यालय देवा में शुक्रवार को राज्य सफाई कर्मचारी आयोग उत्तर प्रदेश के सदस्य श्यामलाल वाल्मीकि पहुंचे। कार्यक्रम में उन्होंने सफाई कर्मचारियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। बैठक की शुरुआत सफाई नायक सोहन वाल्मीकि द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत कर की गई। 

इसके बाद नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों से आए कर्मचारियों ने वेतन में देरी, कार्यस्थल पर संसाधनों की कमी, सुरक्षा उपकरणों का अभाव और स्थायीकरण जैसी प्रमुख समस्याएं रखीं। आयोग सदस्य श्यामलाल वाल्मीकि ने सभी समस्याएं गंभीरता से सुनीं और आश्वासन दिया कि कर्मचारियों के हितों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज की रीढ़ हैं, उनकी समस्याओं का समाधान हमारी प्राथमिकता है। 

साथ ही उन्होंने नगर पंचायत के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सफाई कर्मियों की मूलभूत आवश्यकताओं का निस्तारण मौके पर ही सुनिश्चित किया जाए। बैठक में नगर पंचायत के अधिकारी व अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सफाई कर्मचारियों ने आयोग सदस्य का फूलमालाओं से स्वागत कर आभार व्यक्त किया।

संबंधित समाचार