Delhi Kalkaji Temple: कालकाजी मंदिर में झगड़े के बाद सेवादार की पीट-पीटकर हत्या, प्रसाद को लेकर हुआ विवाद

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी मंदिर में 35 वर्षीय एक सेवादार की कुछ लोगों के साथ झगड़े के बाद कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शनिवार को बताया कि हमलावरों में से एक को पकड़ लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को मंदिर में हुए विवाद के बारे में सूचना दी गई। 

पुलिस ने बताया कि मंदिर में दर्शन करने आए आरोपियों ने यूपी के हरदोई निवासी सेवादार योगेंद्र सिंह से चुनरी और प्रसाद मांगा, जिसके बाद यह विवाद शुरू हुआ। पुलिस उपायुक्त (दक्षिणपूर्व) हेमंत तिवारी ने बताया कि विवाद ने तब हिंसक रूप ले लिया जब समूह ने सिंह पर घूंसे बरसाए और लाठियों से उनकी पिटाई की। 

एक अधिकारी ने बताया कि सिंह पिछले 14-15 वर्षों से कालकाजी मंदिर में सेवा कर रहे थे। उन्हें एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि कालकाजी पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 103(1) (हत्या) और 3(5) (संयुक्त दायित्व) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 उन्होंने बताया, ‘‘आरोपियों में से एक की पहचान दक्षिणपुरी निवासी अतुल पांडे (30) के रूप में हुई है, जिसे स्थानीय लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।’’ पुलिस ने कहा कि शेष आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।  

अतरौली के फत्तेपुर में मन्दिर सेवादार के घर मचा कोहराम

अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम फत्तेपुर में मन्दिर सेवादार के घर उस समय कोहराम मच गया जब दिल्ली में उसकी पीट पीट हत्या कर देने की मनहूस खबर आयी। परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गये। इधर घर पर उसकी पत्नी प्रीती पुत्र कृष्णा और पुत्री परी सहित घर की औरतों का रो रो कर बुरा हाल होने लगा। दिल्ली में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है शव पोस्टमार्टम के बाद अतरौली के फत्तेपुर आ रहा है। अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम फत्तेपुर मजरा नरा मदनापुर निवासी योगेन्द्र सिंह पुत्र स्व. रामगोपाल 16 वर्षों से दिल्ली स्थित कालका देवी मन्दिर पर सेवादारी का काम करता है।

सेवादार

मृतक की फाइल फोटो

वहीं पर उसके गांव घर के नागेश सिंह, अश्वनी सिंह, मनमोहन सिंह, राजू सहित दो दर्जन लोग मन्दिर पर प्रसाद फूल चुनरी आदि बेचने का काम करते है। इन्हीं लोगों ने शुक्रवार की रात 9:30 बजे  अतरौली के फत्तेपुर में फोन कर बताया। जानकारी होते ही भाई राजकिशोर , कौशल सिंह सहित तमाम परिजन दिल्ली के लाए रवाना हो गये। अतरौली इंस्पेक्टर मार्कण्डेय सिंह ने बताया कि यहां कोई सुचना नहीं है।

पिटाई का वायरल वीडियो

संबंधित समाचार