लखीमपुर खीरी : लाठियों के दम पर ग्रामीणों ने तेंदुए के शावक को दबोचा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

धौरहरा, अमृत विचार। दुधवा बफरजोन के धौरहरा वन रेंज के गांव बसंतापुर में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई। जब एक मादा तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ खेतों में घूमती दिखाई दी। इससे खेतों में काम कर रहे किसानों में हड़कंप मच गया। हिम्मत जुटाते हुए किसानों ने लाठियों के दम पर एक शावक को दबोच लिया, जबकि तेंदुआ अपने एक शावक के साथ गन्ने के खेतों में गुम हो गई। 

घटना सुबह करीब साढ़े दस बजे की है। बसंतापुर गांव के कुछ किसान हरदी के खेत में खाद डाल रहे थे। तभी अचानक उनकी नजर खेत में घूम रही मादा तेंदुआ और उसके दो शावकों पर पड़ी, जिसे देखकर खेतों में खाद डाल रहे किसान शोर मचाने लगे, जिससे एक शावक और मादा तेंदुआ गन्ना के खेतों में भाग गई, जबकि एक शावक वहीं बैठा रहा, जिसे ग्रामीणों ने लाठियों के दम पर पकड़ लिया और वन विभाग को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तेंदुआ को जाल में फंसाकर वन रेंज लाई। जहां डॉक्टर दयाशंकर ने उसका परीक्षण किया। परीक्षण के दौरान तेंदुआ पूर्ण स्वास्थ्य पाया गया। उसकी उम्र करीब छह‌ माह है। फिलहाल उसे सुरक्षित रखा गया है। मादा तेंदुआ और उसके दूसरे शावक की तलाश आसपास के गन्ने के खेतों में जारी है। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ कई दिनों से क्षेत्र में घूमता नजर आ रहा था।

संबंधित समाचार