बारिश में हरुनगला में नाले का आरसीसी लिंटर ढहा, विधायक ने किया निरीक्षण
बरेली, अमृत विचार। रुक-रुक कर हो रही बारिश से रविवार को वार्ड 17 हरुनगला क्षेत्र में बीसलपुर रोड किनारे पर बने आरसीसी नाले का लिंटर ढह गया। इससे नजदीक की दुकानों में दरार आने की बात कही जा रही है। एक दो मकानों का रास्ता भी बंद हो गया। सूचना मिलने पर कैंट विधायक संजीव अग्रवाल निरीक्षण किया। बताते हैं कि नाले के लिंटर का काफी हिस्सा ढह गया है। इससे उसकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विधायक संजीव अग्रवाल ने नगर निगम के अधिकारियों को फोन कर स्थिति से अवगत कराया और जल्द इस कार्य को पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कुछ समय पहले ही सड़क किनारे आरसीसी लिंटर वाले नाला का निर्माण किया गया था। विधायक के फोन करने पर अधिकारियों ने घटना को संज्ञान में लेते हुए जल्द कार्य पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। वार्ड 17 के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राजेश पटेल, पूर्व महानगर महामंत्री राज बहादुर सक्सेना, महानगर उपाध्यक्ष अरुण कश्यप, महानगर मंत्री अमरीश कठेरिया, जयदीप चौधरी, ब्रजेश मिश्रा, रविन्द्र गुप्ता, यश चौहान आदि मौजूद रहे।
