प्रयागराज : अरुण कुमार बने हाई कोर्ट के नए न्यायाधीश
प्रयागराज, अमृत विचार। इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में अधिवक्ता अरुण कुमार को नियुक्त करने की अधिसूचना केंद्र सरकार ने सोमवार को जारी की। भारत की राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 217(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उन्हें न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया है। यह नियुक्ति उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 9 मई 2023 को उनकी उम्मीदवारी को दोबारा अनुशंसित करते हुए उन्हें इस पद के लिए सर्वथा योग्य और उपयुक्त बताया था। कॉलेजियम ने उनके पेशेवर साख, अनुभव और योग्यता पर विचार करते हुए यह राय दी। 51 वर्षीय अधिवक्ता अरुण कुमार को लगभग 25 से अधिक वर्षों का अनुभव है।
उन्होंने संवैधानिक, दीवानी और राजस्व क्षेत्राधिकार से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों की पैरवी की है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश के बावजूद 2 सालों से लंबित नियुक्ति में हुई यह लंबी देरी कोई अपवाद नहीं है। सुप्रीम कोर्ट कई बार कॉलेजियम की सिफारिशों पर केंद्र की सुस्ती को लेकर चिंता जता चुका है। कई प्रस्ताव 2019 से ही लंबित हैं।
गौरतलब है कि पिछली 24 जुलाई को हुई सुनवाई में मुख्य न्यायाधीश बी.आर. गवई ने कहा था कि कॉलेजियम प्रशासनिक स्तर पर इस मुद्दे पर विचार कर रहा है। वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद दातार और प्रशांत भूषण ने दलील दी थी कि देरी के चलते अनुशंसित अधिवक्ताओं की वरिष्ठता प्रभावित होती है और कई बार वे अपनी सहमति भी वापस ले लेते हैं।
