शाहाबाद कोतवाली में युवक ने दी जान, बोले अखिलेश - हिरासत में मौत हत्या के बराबर, दोषियों को मिले कड़ी सजा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। हरदोई जिले में एक युवक की पुलिस हिरासत में हुई मौत के मामले समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा कि हिरासत में हुई मौत हत्या के बराबर है। इसमें संलिप्त लोगों को कठिन से कठिन सजा मिलनी चाहिए।

दरअसल दो दिन पूर्व हरदोई जिले के शाहाबाद कोतवाली में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार शाहाबाद पुलिस ने रवि राजपूत (20) को एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने के आरोप में हिरासत में लिया था। रविवार को उसने कोतवाली परिसर में स्थित शौचालय में फंदा लगा लिया। इसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) नीरज जादौन ने कहा कि घटना की जांच कराई जा रही है। इस मामले को लेकर मंगलवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि हिरासत में मौत का रिकॉर्ड बनानेवाला उप्र का शासन-प्रशासन किस हद तक असंवेदनशील है। इसका नया उदाहरण अब हरदोई से आया है। अखिलेश यादव ने कहा कि हिरासत में मौत दरअसल ‘हत्या’ के बराबर होती है। सभी संलिप्त लोगों को कठिन से कठिन सज़ा मिलनी चाहिए।

गौरतलब है कि वोट चोरी के आरोप सामने आने के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव भाजपा सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ लगातार मोर्चा खोल हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा है। हर विभाग, हर कार्य में भ्रष्टाचार हो रहा है। प्रदेश में अवैध प्लाटिंग का धंधा जोरो पर है। भाजपा के लोग गरीबों की जमीन, तालाब और अन्य सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा कर रहे है।

भाजपा भूमाफिया पार्टी बन गयी है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। कानून-व्यवस्था पर जीरों टालरेंस का दावा जीरो हो चुका है। भाजपाई और उनके साथी सहयोगी कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ा रहे है। लोगों के साथ अन्याय कर रहे है। भाजपा सरकार में किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। लोग अन्याय, अत्याचार से त्रस्त है। 

संबंधित समाचार