वाराणसी: भाभी के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा तो मारा डाला, अवैध संबंध के चलते हुई थी विशाल की हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक साल पहले हुयी युवक की हत्या का खुलासा करते हुये मंगलवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विशाल नामक युवक की हत्या के मामले में आज चौबेपुर निवासी अभियुक्त विरु कुमार और दिलीप कुमार को सारनाथ के रामचंदीपुर पुल के पास से गिरफ्तार किया है। 

पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) सरवनन टी. ने बताया कि तीन अगस्त 2024 में दशाश्वमेध थाने में विशाल नामक युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इसी बीच, पांच अगस्त को गाजीपुर में गंगा नदी के किनारे विशाल का शव बरामद हुआ। शव काफी हद तक क्षत-विक्षत हो चुका था।

परिजनों ने इस मामले में कोर्ट के माध्यम से 25 जुलाई 2025 को छोटेलाल और अंकिता के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। जांच के दौरान जब अंकिता के कॉल डिटेल्स की पड़ताल की गई तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पता चला कि मृतक विशाल और अंकिता के बीच नियमित रूप से बातचीत होती थी। 

पुलिस के अनुसार, विरु ने अपनी भाभी अंकिता और विशाल को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद उसने अपने बचपन के दोस्त दिलीप कुमार को इस साजिश में शामिल किया। विरु और विशाल की पहले से हल्की-फुल्की जान-पहचान थी। तीन अगस्त 2024 को वीरू ने पार्टी के बहाने विशाल को आशापुर बुलाया। वहां वीरू, विशाल और दिलीप ने एक साथ शराब पी। 

इसके बाद बाइक से घूमने के बहाने दोनों विशाल को रामचंदीपुर पुल पर ले गए। वहां उन्होंने चाकू से हमला कर विशाल की हत्या कर दी और शव को पुल से गंगा नदी में फेंक दिया। विशाल का मोबाइल और हत्या में प्रयुक्त चाकू भी नदी में फेंक दिया गया। गाजीपुर में शव की पहचान कपड़ों के आधार पर की गई। पुलिस ने बताया कि अब डीएनए परीक्षण भी कराया जाएगा ताकि पहचान की पुष्टि हो सके। 

संबंधित समाचार