UP : गैंगरेप का फर्जी मुकदमा दर्ज कराकर मांगे पांच लाख मांगने वाली महिला गिरफ्तार
संभल/ बबराला। थाना गुन्नौर पुलिस ने गैंगरेप की झूठी शिकायत कर ब्लैकमेल करने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। गांव पतरिया निवासी औतारी ने महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि महिला ने औतारी को रेप केस में फंसाने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रकम न मिलने पर उसके व अन्य साथियों के खिलाफ गैंगरेप की झूठी शिकायत की थी।
थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि जांच में आरोप झूठा पाया गया। गुन्नौर चौराहा, जहां महिला ने घटना होने की बात कही थी, वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ में घटना की पुष्टि नहीं हुई। इतना ही नहीं, महिला जिस चिकित्सक डॉ. कैलाश से दवा लेने का दावा कर रही थी, उस नाम का कोई डॉक्टर गुन्नौर कस्बे में प्रैक्टिस ही नहीं करता है। जांच में पता चला कि महिला कुछ समय पहले अपने पति और तीन बच्चों के साथ नोएडा में रह रही थी। वहां उसका सोमवीर से प्रेम प्रसंग हो गया और दोनों नोएडा के पास गांव जट्टा में रहने लगे। बाद में परिवार वालों ने पकड़ लिया तो पंचायत में समझौता कर वह अपने पति के साथ लौट आई। इसके बाद महिला ने औतारी व उसके परिजनों से पांच लाख रुपये की मांग की और रकम न मिलने पर गैंगरेप की झूठी शिकायत कर दी। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि महिला ने पहले भी गांव के ही धर्मेन्द्र से प्रेम संबंध बनाकर उसका अश्लील वीडियो बनाया और ब्लैकमेल कर उससे एक लाख रुपये वसूले थे।
पुलिस जांच में खुल गया महिला का खेल
गांव पतरिया निवासी औतारी पुत्र नत्थू सिंह ने थाना गुन्नौर में दी तहरीर में कहा कि मंजू उनसे पांच लाख रुपये की रंगदारी मांग रही थी। रुपये न देने पर उसने उसके बेटे सोमबीर व भाई पर झूठा दुष्कर्म आरोप लगा दिया। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) अनुकृति शर्मा एवं क्षेत्राधिकारी गुन्नौर दीपक कुमार के निर्देश पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई। गहराई से जांच की गई तो सच सामने आ गया। आरोपी मंजू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
