आईजीआरएस : असंतुष्ट फीडबैक पर 29 अधिकारियों का स्पष्टीकरण तलब

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। जिलाधिकारी अविनाश सिंह के बार-बार बैठक करने और सख्त निर्देश के बावजूद विभिन्न विभागों के अधिकारी आईजीआरएस पोर्टल एवं हेल्पलाइन के अन्तर्गत आने वाली शिकायतों के निस्तारण को लेकर गंभीर नहीं हैं। अधिकारी शिकायतों का सही निस्तारण नहीं कर रहे हैं।

शासन स्तर से फीडबैक लेने पर शिकायतकर्ता ने असंतुष्ट फीडबैक दर्ज कराया है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए 29 अधिकारियों का स्पष्टीकरण तलब किया है। डीएम ने कहा है कि शिकायतकर्ता की शिकायत को बिना सुने ही निस्तारण कर दिया, जिस कारण असंतुष्ट फीडबैक मिला है।

जिलाधिकारी ने चकबंदी अधिकारी बहेड़ी, फरीदपुर, मीरगंज, उपायुक्त वाणिज्य कर विभाग, अधिशासी अभियंता, प्रभारी चिकित्साधिकारी सीएचसी मीरगंज, प्रभागीय वनाधिकारी, प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), अधिशासी अभियंता नगरीय द्वितीय विद्युत, अभिहीत अधिकारी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, सब रजिस्ट्रार स्टाम्प नबाबगंज, बीडीओ नवाबगंज, रामनगर, मीरगंज, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, अधिशासी अभियंता जल निगम (नगरीय), मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (जिला चिकित्सालय), एसडीएम मीरगंज, सहायक विकास अधिकारी पंचायती राज दमखोदा, बाल विकास परियोजना अधिकारी मीरगंज, तहसीलदार नवाबगंज व आंवला, पूर्ति निरीक्षक खाद्य मीरगंज, जिला प्रोबेशन अधिकारी महिला कल्याण, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी, सामान्य प्रबंधक उद्योग, खंड शिक्षा अधिकारी भुता, पशु चिकित्सा अधिकारी पशुपालन भदपुरा का स्पष्टीकरण तलब किया है। डीएम ने समस्त संबंधित अधिकारियों से अपेक्षा की है कि निर्धारित अवधि में संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें, जिससे प्रकरण की निष्पक्ष समीक्षा की जा सके। अन्यथा की स्थिति में इसे उत्तरदायित्व की अवहेलना मानते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। चेतावनी दी है कि यदि आगे भी इस प्रकार की लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार