एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद का बड़ा बयान, जानें क्या कहा....
वाराणसी। अयोध्या से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अवधेश प्रसाद ने सोमवार को कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को हराकर सेना का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि भारतीय टीम ने यह मैच नहीं खेला होता, तो और बेहतर होता। पत्रकारों से बातचीत में सपा सांसद ने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से जीत के बाद हाथ न मिलाकर देश का गौरव और बढ़ाया है।
उन्होंने कहा, "सेना का सम्मान सर्वोपरि है। भारतीय टीम ने अपनी जीत सेना को समर्पित कर सेना के सम्मान को और ऊंचा किया है।" प्रधानमंत्री की मां को अपशब्द कहे जाने के मामले पर उन्होंने कहा, "मां, मां होती है। मां का सम्मान करना चाहिए। चाहे वह प्रधानमंत्री की मां हो या किसी आम व्यक्ति की, मां का स्थान हमेशा विशेष होता है। किसी भी मां के बारे में अपशब्द कहना कतई उचित नहीं है।"
