पूर्व सदस्यों ने मांगी मौजूदा विधायकों जैसी सुविधाएं... वित्त मंत्री सुरेश खन्ना से मिले पूर्व विधायक एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य
लखनऊ, अमृत विचार: वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना से मंगलवार को उनके कार्यालय कक्ष में प्रदेश के पूर्व विधायक एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य वेलफेयर सोसाइटी के प्रतिनिधि मंडल ने मुलाकात की। इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन दिया। पत्र में मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है कि पूर्व विधायक प्रकोष्ठ का भी गठन किया जाए ताकि उनके द्वारा उठाए गए जन समस्याओं का समय-समय पर निस्तारण होता रहे। पूर्व विधायकों के पेंशन जो आपके द्वारा अभी हाल ही में बढ़ाया गया है, उससे कोई विशेष लाभ पूर्व विधायकों को नहीं मिला पाया है जिन पूर्व सदस्यों का प्रथम कार्यकाल पूरा है उन्हें मात्र 2 हजार रु. का ही आर्थिक लाभ मिल पाया है। पूर्व विधायकों की पेंशन प्रथम कार्यकाल के लिए 60 हजार रु. रूपये करने की मांग रखी है।
यह भी अनुरोध किया है कि वर्तमान विधायकों की ही तरह पूर्व विधायकों एवं पूर्व विधान परिषद सदस्यों को भी टोल टैक्स में छूट दी जाए। साथ ही एक सुरक्षाकर्मी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाये। पूर्व विधायकों ने यह भी दर्द बयां किया कि जब सर्किट हाउस या सरकार द्वारा बनाए गए गेस्ट हाउसों में हम जाते हैं तो वहां कक्ष आवंटित नहीं किये जाते हैं और उचित सम्मान भी नहीं मिलता। ऐसे में हमारे लिए भी सरकारी गेस्ट हाउसों में प्राथमिकता के आधार पर कक्ष आवंटित किया जाए।
यह भी पढ़ेंः भाजपा के सेवा पखवाड़ा में आज से प्रदेश भर में होंगे कार्यक्रम, मुख्यमंत्री योगी लखनऊ में करेंगे प्रदर्शनी का उद्घाटन
