नवरात्र से रामनगरी में चलेंगी डबल डेकर बसें..अयोध्या एयरपोर्ट की तर्ज पर किया जाएगा विकसित
अयोध्या, अमृत विचार। लंदन की कंपनी के द्वारा बनाई गई डबल डेकर बसें नवरात्र से अयोध्या में चलना शुरू हो जाएंगी। एक बस की लगात करीब तीन करोड़ रुपये है। इसके चलने से अयोध्या आने वाले श्रद्धालु व पर्यटकों को अच्छा अनुभव मिलेगा। ये बातें बुधवार को राज्यमंत्री परिवहन दयाशंकर सिंह ने कहीं। वह राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज गंजा में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के शुभारंभ समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अयोध्याा धाम बस अड्डे को हवाई अड्डे की तर्ज पर तैयार करने की बात दोहराई।
कहा कि दो अक्टूबर तक समस्त स्वास्थ्य इकाइयों पर कार्ययोजना के अनुसार महिलाओं और किशोरियों की स्क्रीनिंग और स्वास्थ सेवाएं प्रदान की जाएं। इससे पूर्व उन्होंने, महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा, सीएमओ डॉ. सुशील कुमार आदि के साथ दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण देखा गया।
इस अवसर पर आयुष्मान के तीन, क्षय रोग के पांच व पोषण के पांच लाभार्थियों को लाभान्वित भी किया गया। तीन लोगों ने रक्तदान किया। कार्यक्रम के अंत में सभा में उपस्थित लोगों को स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर युवा मोर्चा अध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह, प्रदेश महामंत्री अभय सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग व मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक व विभिन्न ब्लॉक से आई आंगनबाड़ी वर्कर व आशाएं उपस्थित थीं।
प्रदेश के सात हजार गांव में चलेंगी छोटी बसें
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में 14.5 हजार सरकारी बसों का बेड़ा है, जो देश में सबसे बड़ा है। प्रदेश में एक लाख गांव हैं। 12 हजार गांवों में बसें नहीं पहुंचती हैं। इसमें से सात हजार गांव चिह्नित कर लिए गए हैं। जहां छोटी बसें चलाई जाएंगी। ये सुबह सात बजे रात नौ बजे तक बसें चलेंगी। अब इलेक्ट्रिक बसों को शहर से जाेड़ा जा रहा है, जिसकी शुरुआत अयोध्या-काशी, अयोध्या-प्रयागराज के लिए हो गई है। यूपी के 23 बस अड्डों को हवाई अड्डे की शक्ल देने के लिए तेजी से काम चल रहा है।
ब्लड प्रेशर चेक कराने पहुंचे मंत्री
मेडिकल कॉलेज में कार्यक्रम में पहुंचे राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने मौके पर लगे स्टालों का निरीक्षण किया। इस दौरान वह एक स्वास्थ्य िशिविर में पहुंचे। जहां ब्लड प्रेशर चेक कराया। उनका ब्लड प्रेशर नॉर्मल था। विभाग के लोगों की मानें तो इस पर मंत्री ने कहा कि दवा नहीं खाई फिर भी बीपी नॉर्मल है।
मंच पर महानगर अध्यक्ष को नहीं मिली जगह
मेडिकल कॉलेज में कार्यक्रम के दौरान भाजपा के तमाम नेता मंचासीन थे। इसी बीच महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव भी पहुंचे। मौके पर मौजूद लोगों व विभागीय कर्मचारियों की मानें तो मंच पर महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव के लिए सीट आरक्षित नहीं थी। यह देख वह बाहर की ओर चले आए। सूचना मिलते ही सीएमओ डॉ. सुशील कुमार मौके पर पहुंच गए। बताया जाता है कि कमलेश ने सीएमओ को खरी-खोटी सुनाई और लौट गए। हालांकि कमलेश ने इन बातों का खंडन करते हुए कहा है कि नाराजगी इसलिए थी कि वहां पर स्वास्थ्य शिविर लगाया था। वह सार्वजनिक स्थल नहीं छात्रों के पढ़ने का स्थान है। उन्होंने सिर्फ दर्शननगर में शिविर लगवाने की बात कही है। उन्होंने बताया कि राज्यमंत्री के प्रोटोकॉल के तहत मौके पर गया था।
जागरूकता रैली निकाली
जिले के चार, जिला स्तरीय चिकित्सालयों, 14 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सात अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, 222 आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर कार्यक्रम आयोजित किया। जिला चिकित्सालय में स्थित ब्लड बैंक परिसर से राज्यमंत्री दया शंकर सिंह, सदर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, सीएमओ व सीएमएस ने हरी झंडी दिखा कर जागरूकता रैली का उद्घाटन किया।
