मुरादाबाद : टीएमयू में नर्सिंग छात्रा तीसरी मंजिल से कूदी, हालत नाजुक

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

सहेलियों की आंखों के सामने युवती ने लगाई छलांग

मुरादाबाद/पाकबड़ा, अमृत विचार: तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी में गुरुवार दोपहर बीएससी नर्सिंग की छात्रा ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल छात्रा को यूनिवर्सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी है। घटना को देख उसकी पांच सहेलियां भी बेहोश हो गईं, जिन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद सहेलियों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

थाना पाकबड़ा प्रभारी निरीक्षक योगेश कुमार मावी के अनुसार, दीक्षा संभल जिले के असमोली की रहने वाली है और बीएससी नर्सिंग फाइनल सेमेस्टर की पढ़ाई कर रही है। गुरुवार को वह रोज की तरह कॉलेज बस से यूनिवर्सिटी पहुंची थी। दोपहर 2:10 बजे उसने 16 अन्य छात्राओं के साथ परीक्षा दी, जो 2:50 बजे खत्म हुई। परीक्षा के बाद सभी छात्राएं जीने से नीचे उतर गईं, लेकिन दीक्षा वहीं रुक गई। थोड़ी देर बाद वह गैलरी में लौटी और खिड़की से झांकने लगी। अचानक उसने खिड़की पर चढ़कर छलांग लगा दी। सहेलियों ने जब यह दृश्य देखा तो चीख-पुकार मच गई और पांच छात्राएं सदमे में बेहोश हो गईं। फिलहाल छात्रा का इलाज यूनिवर्सिटी अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार