Jharkhand encounter: पुलिस मुठभेड़ में मारा गया कुख्यात गैंगस्टर उत्तम यादव
चतरा। झारखंड के चतरा जिले में शनिवार की शाम पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर उत्तम यादव के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस ने उसे मार गिराया। उत्तम यादव लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था और हाल ही में हजारीबाग के श्री ज्वेलर्स गोलीकांड तथा धमकी भरे वीडियो के कारण वह सुर्खियों में आया था। ज्ञातव्य है कि 22 जून को हजारीबाग शहर के बाड़म बाजार चौक स्थित श्री ज्वेलर्स की दुकान पर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी खुद उत्तम यादव ने ली थी।
इसके बाद 23 जून को उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें हाथों में कार्बाइन लेकर उसने खुलेआम गोलीकांड की जिम्मेदारी लेने के साथ ही रंगदारी न देने पर और भी गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी। इस वीडियो के सामने आने के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में लगातार अभियान चला रही थी।
पुलिस सूत्रों ने बताया शनिवार को उसके ठिकाने की पुख्ता सूचना मिली। उसे घेरने की कोशिश की गई तो उसने पुलिस बल पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में हुई मुठभेड़ में वह मौके पर ढेर हो गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उत्तम यादव कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है और उसकी गिरफ्तारी अथवा ढेर होना पुलिस की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
