UKSSSC पेपर लीक प्रकरण: बॉबी से पूछताछ, समर्थकों ने जताया विरोध

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरिद्वार। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) का पेपर लीक होने की सूचना सामने आने के बाद हरिद्वार पुलिस एक्शन मोड में आ गई। पुलिस ने स्वाभिमान मोर्चा के अध्यक्ष बॉबी पंवार को हिरासत में लेकर एसओजी ऑफिस में पूछताछ शुरू की। 

बताया जा रहा है कि परीक्षा शुरू होने के महज आधे घंटे बाद ही बॉबी पंवार के सोशल मीडिया हैंडल पर पेपर लीक होने की जानकारी पोस्ट की गई थी। इसी को आधार बनाकर पुलिस ने उनसे पूछताछ की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। 

इधर, एसओजी ऑफिस के बाहर बॉबी पंवार के समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई। समर्थकों का आरोप है कि यह उनके खिलाफ एक सोची-समझी साजिश है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बॉबी पंवार को शीघ्र रिहा नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। 

वहीं, हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंदर डोभाल ने मामले पर बयान जारी करते हुए कहा कि बॉबी पंवार को केवल पूछताछ के लिए बुलाया गया है, गिरफ्तारी नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हो रही है और उम्मीद है कि उनसे महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।  

संबंधित समाचार