समझें टायरों का मिजाज और अंदाज
कारों में लगे टायर अपने रंग-रूप में एक जैसे नजर आते हैं, लेकिन इनके भी अपने मिजाज और अंदाज होते हैं। आप कार में नया टायर डलवाने वाले हैं तो आपको अपनी जरूरत के हिसाब से ही टायर चुनना चाहिए। अहम बात यह है कि आपको समझना होगा कि आप कार कहां चला रहे हैं और वहां का मौसम कैसा है? जी हां, इलाकों के मौसम के मिजाज के हिसाब से ही टायर का इस्तेमाल करना चाहिए, ताकि आप लॉन्ग ड्राइव पर जाएं तो आपको कोई दिक्कत न हो। आइए आपको बताते हैं कि इनकी खास बात...
18.jpg)
समर टायरः इसे स्टैंडर्ड टायर भी कहते हैं। ये टायर गर्म इलाकों के लिए डिजाइन किए गए हैं। यह सूखी और गीली दोनों तरह की सड़कों पर अच्छी पकड़ के साथ चलते हैं। इसमें खास तरह का नरम रबर यूज होता है। ठंडे मौसम में इनका प्रदर्शन ठीक नहीं रहता।
विंटर टायरः बर्फीले इलाकों में इस टायर की परफार्मेंस अच्छी रहती है। इसमें बड़ी संख्या में खांचे होते हैं। तापमान गिरने पर यह लचीले बने रहते हैं और अनुकूलित रहते हैं। इन टायरों का इस्तेमाल उन्हीं जगहों पर किया जाता है, जहां बर्फबारी होती है या फिर तापमान काफी नीचे चला जाता है।
ऑल सीजन टायरः यह टायर सामान्य मौसम के लिए फिट होता है। हालांकि, ये सीजनल टायरों की तरह बहुत गर्मी या बहुत सर्दी के लिए अनुकूलित नहीं होते। इन्हे सामान्य स्थिति में ही उपयोग किया जा सकता है।
हाई परफॉरमेंस टायरः यह ऐसे टायर होते हैं, जो तेज गति से चलने वाली कारों में यूज किया जाता है। यह बेहतर पकड़ और उच्च गति से निपटने में माहिर होते हैं। मूल रूप से यह स्पोर्ट्स कारों में ही यूज होते हैं। नार्मल कारों के लिए यह टायर नहीं हैं।
ऑल टेरेन टायरः इसे एटी टायर भी कहते हैं। यह विभिन्न रास्तों के लिए बेहतरीन होते हैं। हाईवे, बजरी या कच्ची सड़कों पर यह बेहतर प्रदर्शन करते हैं।
ऑफरोडिंग टायरः इसे मड टेरेन या एमटी टायर भी कहते हैं। यह कीचड़ और ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर अच्छी परफॉर्मेंस देते हैं। इन टायरों को कठिन परिस्थितियों में अधिकतम घर्षण प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है।
रन-फ्लैट टायरः पंक्चर होने या हवा निकल जाने के बाद भी इन टायरों को कुछ दूर तक चलाया जा सकता है। यह पंचर हालत में चलाए जाने पर भी सुरक्षित रहते हैं।
ट्यूबलेस टायर: जैसा कि नाम से ही जाहिर है कि इन टायरों में ट्यूब नहीं होती। पंक्चर होने पर यह कम नुकसान पहुंचाते हैं।
टूरिंग टायर: इन्हें बेहतर हैंडलिंग और स्मूथ राइड के लिए जाना जाता है। इनका यूज सेडान और मिनीवैन जैसी गाड़ियों में किया जाता है।
