त्योहारों को देखते हुए यूपी रोडवेज़ चलाएगा अतिरिक्त 20 बसें... रेलवे ने जारी की अपील, यात्रियों को मिलेगी राहत
लखनऊ, अमृत विचारः परिवहन निगम ने महानगर से उपनगरीय क्षेत्रों के आवागमन के लिए 20 बसें रूट पर उतारी हैं। इनमें 10 बसें कैसरबाग डिपो और 10 बसें हैदरगढ़ डिपो से ली गई हैं। ये बसें महिलाबाद, माल, रहिमाबाद, नगराम, शुक्ल बाजार, मौरावां, जगदीशपुर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों को शहर से जोड़ेंगी।
इन क्षेत्रों से प्रतिदिन हजारों कामकाजी लोग राजधानी आते हैं, लेकिन बसों की भारी कमी के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। वर्तमान में मौरावां के लिए चलने वाली एकमात्र बस ही इस सेवा की पहचान बनी हुई थी, जबकि बाकी रूटों पर यात्री घंटों बसों के इंतजार में भटकते रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2005 में उपनगरीय बस सेवा की शुरुआत ग्रामीण अंचलों को लखनऊ जैसे बड़े शहर से जोड़ने के उद्देश्य से की गई थी। शुरुआत में यह सेवा कारगर रही, पर समय के साथ बसों की कमी और रख-रखाव के अभाव में यह सेवा लगातार कमजोर होती गई।
क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि नवरात्र और आगामी त्योहारों के मद्देनज़र यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि इन बसों के संचालन से यात्रियों को समय पर आवागमन की सुविधा मिलेगी और उन्हें राहत महसूस होगी।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल प्रशासन ने यात्रियों के लिए एक अपील जारी की है, जिससे त्योहारों पर सुरक्षित यात्रा के साथ स्पेशल ट्रेनों का संचालन बेहतर तरीके से हो सके। रेलवे प्रशासन ने स्टेशनों और फुट ओवर ब्रिज पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लोगों से एकत्र न होने की अपील की है। साथ ही रेलवे ट्रैक को पार करने के लिए फुट ओवर ब्रिज का इस्तेमाल करने, लावारिस वस्तुओं को बिना छुए, आरपीएफ व जीआरपी को जल्द से जल्द सूचित करने को कहा है।
इसके अलावा ज्वलनशील सामग्री को साथ न ले जानें, यात्रा के दौरान ट्रेन के पायदान और छत पर न बैठने की सलाह दी है। वहीं रेल संबंधी किसी भी समस्या का त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए हेल्पलाइन 139 और वेबसाइट www.railmadad.indianrailways.gov.in व रेल मदद एप का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
ये भी पढ़े : यूपी के ग्रेटर नोएडा में International Trade Fair-2025 आज, पीएम मोदी करेगें उद्घाटन
