बरेली : हुड़दंग से नहीं होगा पैगंबर से मोहब्बत का इजहार : तौकीर
मुस्लिम समुदाय से आज इस्लामिया ग्राउंड पहुंचकर किया विरोध का आह्वान
बरेली, अमृत विचार: आई लव मोहम्मद पर छिड़े विवाद का असर शहर में भी देखने को मिल रहा है। मुस्लिम युवा सड़कों पर उतरकर कानपुर में दर्ज मुकदमे का विरोध कर रहे हैं। आला हजरत खानदान से जुड़े मौलाना तौकीर रजा खां ने शुक्रवार को मुस्लिम समुदाय से इस्लामिया ग्राउंड पहुंचकर विरोध का आह्वान किया है। इस बीच ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी ने बयान जारी करके मुस्लिम युवाओं को पैगंबर-ए-इस्लाम की शिक्षा का हवाला देकर शांति बनाए रखने की अपील की।
शहाबुद्दीन ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद से मोहब्बत करना हमारा ईमान और अकीदा है। मगर शिक्षा पर अमल करना ज्यादा जरूरी है। हमारे पैगंबर ने दुनिया को अमन और शांति का पैगाम दिया। विरोधियों से विवाद पर भी टकराव का रास्ता नहीं अपनाया। हमेशा समझौते की राह अपनाई। मौलाना ने कहा कि मोहब्बत का इजहार सड़कों पर हुड़दंग मचाकर, जुलूस निकालकर, धरना-प्रदर्शन करके, पुलिस से टकराकर, गैर-मुसलमानों से भिड़कर या दुकानों में तोड़फोड़ करके नहीं किया जा सकता। ये पैगंबर-ए-इस्लाम की शिक्षा के खिलाफ है। पैगंबर की शिक्षा के मुताबिक अच्छा मुसलमान वही है जिसके हाथ, पांव और जुबान से किसी को तकलीफ न पहुंचे।
