राजकीय इंजीनियरिंग कालेज पहुंचे SP, छात्र-छात्राओं से किया संवाद
गोंडा, अमृत विचार: शुक्रवार को मां पाटेश्वरी देवी राजकीय अनुसूचित कालेज में हुए हंगामें और धरना प्रदर्शन के बाद शनिवार को एसपी विनीत जायसवाल कालेज पहुंचे और छात्र छात्राओं से संवाद किया। एसपी ने उनसे संभावित परेशानियों, छेड़छाड़ अथवा अन्य समस्याओं पर सुझाव लिया और भरोसा दिलाया कि गोण्डा पुलिस हर समय उनकी सुरक्षा एवं सहयोग के लिए तत्पर है।
शहर के उतरौला रोड स्थित मां पाटेश्वरी देवी राजकीय इंजीनियरिंग कालेज में बृहस्पतिवार की रात गर्ल्स हॉस्टल की छत पर ड्रोन देखे जाने से छात्राएं दहशत में आ गई थी और शुक्रवार की सुबह उन्होंने सुरक्षा की मांग को लेकर कॉलेज कैंपस में धरना प्रदर्शन किया था। छात्राओं ने कहा था कि कॉलेज में सुरक्षा गार्ड नहीं है जिससे वह डर के साए में जी रही हैं। इस पर शनिवार को एसपी विनीत जायसवाल इंजीनियरिंग कालेज पहुंचे और मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्र छात्राओं से सीधा संवाद किया और उन्हें महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा व आत्मरक्षा के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
एसपी ने कहा कि राज्य सरकार का मिशन शक्ति अभियान केवल महिला सुरक्षा को सुनिश्चित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं को आर्थिक, सामाजिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने का भी उद्देश्य रखता है, जिससे वह हर परिस्थिति में अपने अधिकारों की रक्षा कर सकें और आत्मनिर्भर बनें। एसपी ने सभी को हे लेप लाइन नंबरों से अवगत कराया और आवश्यकता के अनुसार इनका उपयोग करने की अपील की। इस मौके पर कालेज के निदेशक प्रो बीएन मिश्रा, मारुति नंदन त्रिपाठी समेत अन्य मौजूद रहे।
ये भी पढ़े : HDFC बैंक की मेन ब्रांच में लगी भीषण आग, ऊंची लपटें उठने से मची अफरातफरी, फायरब्रिगेड ने पाया काबू
