इलेक्ट्रिक साइकिल @ शौक के साथ स्टाइल फ्री: युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक को लुभा रहे फैंसी लुक और फीचर

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

कानपुर अमृत विचार। साइकिल का शौक हमेशा से सेहत के साथ ही जोड़ कर देखा जाता रहा है। पुराने समय में इसे शान की सवारी माना जाता था। समय बदला, शौक बदले लेकिन बदल रहे ट्रेंड में इसके दीवाने नहीं बदले। आज भी साइकिलिंग की दीवानगी सिर चढ़ कर बोलती है। इसे साइकिल निर्माताओं ने भी समझा है। यही वजह है कि नई और फास्ट लाइफ में साइकिल भी फास्ट और स्टाइलिश हो गई है। इसके अलावा साइकिल की बदली हुई तकनीक ने इसे युवाओं से लेकर बुजुर्गों के लिए आसान भी बना दिया है। इलेक्ट्रिक साइकिल अब सिर्फ शौक नहीं बल्कि स्टाइल, फैशन और फीचर का खजाना बनकर उभरी है। आइए जानते हैं हाल ही में बाजार में आई इलेक्ट्रिक साइकिल के बारे में…

टाटा स्ट्राइडर ईवी

टाटा के ब्रांड के साथ लॉन्च टाटा स्ट्राइडर ईवी अपने सेग्मेंट में मजबूत और किफायती ईवी के रूप में जानी जाती है। इसकी खासियतों की बात की जाए तो यह टाइटेनियम ग्रे, फॉरेस्ट ग्रीन और क्लासिक व्हाइट रंग में आती हैं। इसकी रेंज 110 किमी व रियल यूज में 95 से 100 किमी का दावा किया गया है। इस ईवी में 5 लेवल में पेडल असिस्टेंट मोड दिया गया है। इसमें जीपीएस, राइड डेटा, एंटी थेफ्ट अलर्ट भी है। इस ईवी में पंचर रिसिस्टेंट कंपाउंड व 25 किग्रा का रियर कैरियर दिया गया है।

टाटा स्ट्राइडर जीटा प्लस

ईवी सेग्मेंट में टाटा ने हाल ही में अपनी जीटा रेंज को बाजार मे उतारकर अपना पोर्टफोलियो बढ़ाया है। जीटा प्लस अपनी हाई एफिशिएंसी बैटरी पैक लैस के लिए मशहूर है। कंपनी का यह भी दावा है कि यह 216 डब्लूएच की कुल एनर्जी कैपेसिटी के साथ आती है। जीटा प्लस ईवी सिंगल चार्ज पर 30 किमी का सफर आसानी से तय कर सकती है। बैटरी पैक को फुल चार्ज करने में 3 से 4 घंटे का समय लगता है। 

हीरो लैक्ट्रो इलेक्ट्रिक साइकिल 

हीरो ब्रांड साइकिल की दुनिया का जाना-माना ब्रांड रहा है। साइकिल की दीवानगी की परिभाषा बदली तो हीरो ने भी ईवी के सेग्मेंट में कदम रखा। हीरो ने अक्टूबर 2022 में अपनी पहली ईवी देश में लांच की। जिसमें दो मॉडल्स एच3 और एच5 शामिल हैं। हीरो लैक्ट्रो इलेक्ट्रिक साइकिल के फीचर्स की बात की जाए तो इसमें एलईडी स्मार्ट एलईडी डिस्प्ले महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करता है। इसी तरह इसके पेडलिंग में मदद करने के लिए पेडल असिस्ट मोड दिया गया है। इस ईवी में रियर हब में 250 डब्लू मोटर फिट की गई है। यह मोटर 25 किमी प्रति घंटा की टॉप स्पीड प्रदान करती है। इसके अलावा 5.8 एएच इन-ट्यूब बैटरी पैक के जरिए सिंगल चार्ज में 30 किमी तक की रेंज प्रदान होती है। इस साइकिल को 3 से 4 घंटे में फुल चार्ज किया जा सकता है। अन्य सुविधाओं में फ्रंट और रियर में डिस्क ब्रेक की सुविधा शामिल है। कलर ऑप्शन की बात की जाए तो इसमें एच 3 में ब्लैक-ग्रीन और ब्लैक-रेड कलर ऑप्शन मिलता है। एच 5 में ग्रे और ग्रे कलर ऑप्शन उपलब्ध हैं।

गो जीरो इलेक्ट्रॉनिक साइकिल 

गो जीरो इलेक्ट्रॉनिक साइकिल को इस वक्त की सबसे किफायती साइकिल के सेग्मेंट में शुमार किया जाता है। इस साइकिल की कीमत लगभग 19,999 रुपये से शुरू होती है जो इसे एक सस्ता विकल्प बनाती है। यह साइकिल एक बार चार्ज करने पर 25 किलोमीटर तक चल सकती है। इसकी मोटर 250 वॉट की वाटरप्रूफ मोटर है। जो इसे काफी शक्तिशाली बनाती है। इसके अलावा इसमें 210 वॉट की लिथियम आयन बैटरी दी गई है। जो 2.5 घंटे में फुल चार्ज हो जाती है। बैटरी को साइकिल से निकालकर भी चार्ज किया जा सकता है।  फीचर्स की बात की जाए तो इसमें गोजीरो ड्राइव कंट्रोल 2.0 डिस्प्ले यूनिट है, जो राइडर को बैटरी लेवल और मोड की जानकारी देता है। इसमें तीन रीडिंग मोड भी दिए गए हैं। साइकिल की डिजाइन में हल्की और स्टाइलिश लुक युवाओं और बुजुर्गों दोनो को ही आकर्षित करता है। इसमें अलॉय हैंडल बार और वी-ब्रेक भी हैं। 

रोड लार्क इलेक्ट्रिक साइकिल

रोड लार्क इलेक्ट्रिक साइकिल को कम कीमत में बड़ा पैकेज माना जाता है। इस साइकिल की खासियत यह है कि इसे चार्ज करने के लिए अलग से किसी चार्जर की जरूरत नहीं होती है। रोड लार्क इलेक्ट्रिक साइकिल में डुअल बैटरी दी गई है, जिसमें 8.7 एएच और 5.2 एएच की बैटरी क्षमता है। इस साइकिल को एक बार फुल चार्ज करने पर यह 25 किलोमीटर तक चल सकती है। इसमें 250 वॉट की वाटरप्रूफ मोटर लगी है। जो फुल चार्ज होने में 2 से 3 घंटे का समय लेती है। इसकी रेंज और स्पीड एक बार फुल चार्ज करने पर 25 किलोमीटर तक चल सकती है, टॉप स्पीड 25 किमी प्रति घंटा का दावा किया गया है।